‘उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू वोटर कम हो गए हैं’

 

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस दावे के बाद कि प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में नहीं हैं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई पार्टी की अहम बैठक में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR/SSR) को लेकर आगे की रणनीति तैयार की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को अगले एक महीने तक नए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के अभियान में पूरी ताकत लगाने के निर्देश दिए।

बैठक में योगी आदित्यनाथ ने संगठन के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल और एकजुटता के साथ काम करने को कहा। उन्होंने खास तौर पर महिला और युवा मतदाताओं पर ध्यान देने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर पहुंचकर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कम हुए हैं, ऐसे में उनके नाम दोबारा जुड़वाने के लिए संगठन को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

बैठक में मौजूद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी के लिहाज से सतर्क रहने का संदेश दिया। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा एक बार फिर उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षी दलों के गठबंधनों को लेकर कहा कि उनका कोई भी प्रयास सफल नहीं होने वाला है।

हालांकि, अपने संबोधन में केशव प्रसाद मौर्य ने संगठन के भीतर कार्यकर्ताओं की नाराजगी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने नेताओं और पदाधिकारियों को आपसी मतभेद तथा एक-दूसरे को निपटाने की प्रवृत्ति से दूर रहने की नसीहत दी। उनका कहना था कि सभी को संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने चेताया कि यदि सरकार ही नहीं रहेगी तो आपसी खींचतान का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने SIR से पहले और बाद की मतदाता सूचियों की तुलना के आधार पर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम सूची से गायब होने का दावा किया था। उनके मुताबिक, इनमें करीब 66 लाख ऐसे मतदाता हैं जिनके नाम पंचायत की मतदाता सूची में भी दर्ज नहीं हैं। इसके अलावा सरकारी योजनाओं के लगभग 55 लाख लाभार्थियों और 18 से 19 वर्ष के आयु वर्ग के करीब साढ़े चार लाख युवाओं के नाम भी मतदाता सूची में नहीं होने की बात कही गई।

योगी आदित्यनाथ ने अपने दावे के समर्थन में यह भी कहा था कि जहां प्रदेश में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या बढ़ी है, वहीं हिंदू मतदाताओं की संख्या में कमी आई है। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा अब मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने पर जोर दे रही है।

शुक्रवार को हुई इस प्रदेश स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यशाला के दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को SIR/SSR अभियान की रूपरेखा समझाई और इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए संगठन को जुटने का निर्देश दिया।

Leave a Comment