राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी (JNPT) में एक कंटेनर से तस्करी कर लाई गई ई-सिगरेट की बड़ी खेप जब्त की है। DRI की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इस कंटेनर में ई-सिगरेट को ‘मॉप रॉड’ (पोछा लगाने वाले डंडे) के सामान के रूप में घोषित कर छिपाया गया था।
खुफिया जानकारी के आधार पर DRI की टीम ने कंटेनर की तलाशी ली। इस दौरान कंटेनर के निचले हिस्से में छिपाकर रखी गईं 13 हजार ब्रांडेड ई-सिगरेट बरामद हुईं। इनमें यूोटो थानोस की 6 हजार और यूोटो लेंस की 7 हजार ई-सिगरेट शामिल हैं। इनकी कुल कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई गई है।
भारत में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और सभी तरह के इलेक्ट्रॉनिक निकोटिन डिलीवरी सिस्टम (ENDS) पर वर्ष 2019 के इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम के तहत प्रतिबंध लगा हुआ है। इस कानून के तहत इनके उत्पादन, निर्माण, आयात, निर्यात, परिवहन, बिक्री, वितरण, भंडारण और विज्ञापन पर रोक है।
चालू वित्त वर्ष के दौरान DRI महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के विभिन्न बंदरगाहों तथा हवाई अड्डों से अब तक 3.55 लाख ई-सिगरेट जब्त कर चुकी है। इनकी कुल कीमत करीब 135 करोड़ रुपये आंकी गई है।
