‘मेरा PA जे. डे. का शूटर है, जे. डे. मर्डर पर मैं फिल्म बना रहा हूं’, ऐसा भौकाल बनाकर ‘उत्तर भारतीय ठग’ ने कर ली बेटे की शादी !!

अस्मिता मिश्रा, मनीष मिश्रा, जे. डे.

अस्मिता मिश्रा ‘हत्याकांड’ : भाग- 1

प्रस्तावना : बात जब जुमलेबाजी की आती है तो खासकर जन्मदिन के मौके पर उत्तर भारतीयों के व्यक्तित्व का बखान करने के लिए विशेषणों की पूरी फेहरिस्त पेश कर दी जाती है। बताया जाता है कि फलां व्यक्ति कितना मृदुभाषी, मिलनसार, विनम्र, शालीन, सौम्य, सरल व्यक्तित्व का धनी, हंसमुख, खुशमिजाज, कर्मठ, जुझारू, दूरदर्शी, सर्वप्रिय, बहुआयामी और अनुकरणीय व्यक्तित्व का स्वामी है। वह प्रेरणास्रोत, व्यवहार कुशल, स्पष्टवादी, सहृदय, जिंदादिल, हर दिल अजीज और दोस्तों का दोस्त है। जननायक है, कुशल नेतृत्वकर्ता है, विकास पुरुष है, जमीन से जुड़ा हुआ है, आम आदमी के बीच लोकप्रिय है और हर किसी के लिए सहज उपलब्ध है। लोगों के बीच उसकी गहरी पैठ है और जनमानस में उसका विशेष स्थान है। वह हर वर्ग का चहेता है, गरीबों और जरूरतमंदों का मसीहा है तथा लोगों के दिलों पर राज करता है। सबके सुख-दुख में साथ खड़ा रहता है, रिश्तों को पूरी शिद्दत से निभाता है, सभी को साथ लेकर चलता है और छोटे-बड़ों का समान रूप से सम्मान करता है। संकट के समय सबसे पहले पहुंचने वाला, हर किसी की मदद के लिए तत्पर रहने वाला और ऐसा शख्स, जिसका दरवाजा हर किसी के लिए हमेशा खुला रहता है।

 भौकाल : अब बात जब भौकाल की आती है तो उत्तर भारतीय अपनी एक दूसरी ही तस्वीर पेश करते हैं। वे बताते हैं कि उनके मुलुक में एक-एक एकड़ जमीन पर पुदीना बोया जाता है। पॉलिटिक्स तो इनका फैमिली बिजनेस है और गुंडागर्दी की ट्रेनिंग ये मां के पेट से ही लेकर आते हैं। हर उत्तर भारतीय के घर में खंचोली भर कट्टा, रिवॉल्वर और मैगजीन पड़ी रहती है। इनके संवाद भी कम दिलचस्प नहीं होते। कहते हैं- इतना गोली मारेंगे कि कारतूस के खोखे बेचकर अमीर हो जाओगे!

वास्तविकता : किन्तु, परन्तु, लेकिन… यही उत्तर भारतीय जब मुंबई पहुंचते हैं तो उनकी पहचान बदल जाती है। यहां वे भइया, भैया अथवा भय्या बनकर रह जाते हैं। ये महज संबोधन नहीं, बल्कि कई बार नफरत, हिकारत और गाली-गलौज के पर्याय बन जाते हैं। अफसोस कि शुक्ला, पांडे, मिश्रा, तिवारी, दुबे, गुप्ता, यादव, वर्मा, शर्मा और सिंह जैसे तमाम सरनेम वाले लोगों ने मुंबई में यही पहचान कमाई है। इस पहचान के दायरे से किसी को अलग नहीं रखा जा सकता। लंका में सब बावन गज के! जिस-जिस का दुम उठाकर देखा, सब मादा निकले!

मुद्दा : मुंबई के पश्चिमी उपनगर मालाड में रहने वाले अमर दिवाकर मिश्रा अपनी बेटी अस्मिता मिश्रा के लिए वर की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान बिचौलिए देवेंद्र तिवारी के माध्यम से उनकी मुलाकात जुहू में रहने वाले मनीष अवधनारायण मिश्रा से हुई।

‘बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी’ मनीष मिश्रा ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह वकील है, फाइनेंशियल एडवाइजर है, डायमंड कारोबारी है और फिल्म प्रोड्यूसर भी है। यानी एक ही शख्स में कई पेशों का संगम!

मनीष मिश्रा के साथ एक और व्यक्ति भी मौजूद था। मनीष मिश्रा ने उसका नाम अनिल सरोदे और उसे अपना निजी सहायक (PA) बताया। मनीष मिश्रा ने दावा किया कि अनिल सरोदे ही मिड-डे अखबार के पत्रकार जे. डे. का शूटर है। अनिल सरोदे ने ही जे. डे. को गोली मारी थी। इतना ही नहीं, मनीष मिश्रा ने यह भी बताया कि वह अब जे. डे. हत्याकांड पर फिल्म बना रहा है और इस फिल्म के लिए जे. डे. की पत्नी ने उसे NOC भी दे दी है!

ज्योतिर्मय डे उर्फ़ जे. डे. उर्फ़ कमांडर जे. मुंबई अंडरवर्ल्ड के एक्सपर्ट थे। वे अंग्रेजी अखबार मिड- डे के क्राइम इन्वेस्टिगेटिव एडिटर थे। 11 जून 2011 को मुंबई के हीरानंदानी, पवई में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इसकी जिम्मेदारी अंडरवर्ल्ड माफिया छोटा राजन ने ली थी।

मनीष मिश्रा के बेटे अभय मिश्रा और अमर मिश्रा की बेटी अस्मिता मिश्रा की 20 नवम्बर 2021 को जुहू के इस्कॉन मंदिर में शादी हुई थी। 24 फरवरी 2023 को अस्मिता मिश्रा की उसके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। अमर मिश्रा का आरोप है कि मनीष मिश्रा परिवार ने अस्मिता मिश्रा की हत्या कर दी। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जाँच ब्यूरो (CBI) की मुंबई इकाई इसकी जाँच कर रही है…।

(मुंबई के उत्तर भारतीय ठग और उत्तर भारतीय भौकाल की कहानी जारी है।)

Leave a Comment