वंदे भारत में रिश्तेदारों को सीट तक छोड़ने गए 12 लोग खुद हुए कैद, 139 किमी तक करना पड़ा सफर; रेलवे ने ठोंका 36 हजार का जुर्माना

 

वंदे भारत एक्सप्रेस में अपने परिजनों को उनकी सीट तक पहुंचाने गए 12 लोगों को लेने के देने पड़ गए। रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाकर वापस लौटने की तैयारी कर रहे इन लोगों के सामने उस वक्त मुश्किल खड़ी हो गई, जब ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद हो गए। दरवाजे बंद होने के कारण वे कोच से बाहर नहीं निकल सके। नतीजतन, उन्हें बिना टिकट ही ट्रेन में करीब 139 किलोमीटर का सफर करना पड़ा। मामला कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का है। आखिरकार इटावा जंक्शन पर ट्रेन रुकने के बाद सभी को नीचे उतारा गया। रेलवे ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में प्रत्येक व्यक्ति पर 3,000 रुपये का जुर्माना लगाया। इस तरह सभी को मिलाकर 36 हजार रुपये भरने पड़े।

जानकारी के मुताबिक, ये सभी 12 लोग अलग-अलग जगहों से अपने परिजनों को बनारस से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22415) में बैठाने कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचे थे। वे अपने रिश्तेदारों को उनकी निर्धारित सीट तक छोड़ने के लिए ट्रेन के भीतर चले गए। इसी बीच ट्रेन के दरवाजे ऑटोमेटिक तरीके से बंद हो गए और वे अंदर ही रह गए।

दरअसल, वंदे भारत एक्सप्रेस में ऑटोमेटिक डोर सिस्टम लगा हुआ है। ट्रेन जिन स्टेशनों पर निर्धारित समय के लिए रुकती है, वहां यात्रियों के चढ़ने और उतरने के लिए दरवाजे खुलते हैं। तय समय पूरा होने के बाद दरवाजे अपने आप बंद हो जाते हैं। इसके बाद उन्हें बीच रास्ते में सामान्य तरीके से नहीं खोला जा सकता। जिन स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव नहीं होता, वहां किसी वजह से ट्रेन रुकने पर भी दरवाजे नहीं खुलते। इसी व्यवस्था के चलते कानपुर में परिजनों को छोड़ने पहुंचे 12 लोग ट्रेन के भीतर फंस गए।

कानपुर सेंट्रल से जैसे ही वंदे भारत एक्सप्रेस रवाना हुई, अंदर फंसे लोगों को अपनी गलती का एहसास हुआ। वे तत्काल बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन दरवाजे नहीं खुले। कोच में महिलाओं और बच्चों के मौजूद होने से उनकी परेशानी और बढ़ गई। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने के बाद उन्होंने रेलवे स्टाफ से दरवाजे खोलने की गुहार लगाई। हालांकि, तत्काल कोई रास्ता नहीं निकलने पर कुछ लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा भी शुरू कर दिया।

स्थिति को देखते हुए ट्रेन में मौजूद कर्मचारियों ने टूंडला रेलवे कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर रविवार सुबह करीब 10:49 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को इमरजेंसी स्थिति में इटावा जंक्शन पर रुकवाया गया।

ट्रेन के इटावा जंक्शन पहुंचते ही स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार सिंह और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई के बाद सभी 12 लोगों को सुरक्षित ट्रेन से उतार लिया गया।

इसके बाद उन्हें आरपीएफ पोस्ट ले जाया गया, जहां रेलवे अधिकारियों ने उनसे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी हासिल की। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बिना प्लेटफॉर्म टिकट के ट्रेन के भीतर प्रवेश करना और यात्रा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करना उनके लिए भारी पड़ गया। वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रत्येक व्यक्ति से 3,000 रुपये का जुर्माना वसूला।

गौरतलब है कि कानपुर सेंट्रल से इटावा जंक्शन के बीच करीब 139 किलोमीटर की दूरी है। यानी रिश्तेदारों को ट्रेन में बैठाने पहुंचे इन 12 लोगों को इसी दूरी तक अनचाही यात्रा करनी पड़ी और इसके बदले कुल 36 हजार रुपये का जुर्माना भी चुकाना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने भविष्य में वैध टिकट या अनुमति के बिना ट्रेन में प्रवेश नहीं करने और नियमों का पालन करने की हिदायत देने के बाद सभी को छोड़ दिया।

Leave a Comment