खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने पुणे के मावल तहसील के आंबी स्थित एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड के प्रतिष्ठान पर FDA ने गुरुवार को छापा मार दिया। खाद्य तेल की गुणवत्ता और लेबलिंग में खामियां पाए जाने पर FDA ने 20,085 लीटर खाद्य तेल का स्टॉक जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई में कुल 50 लाख 27 हजार 893 रुपये मूल्य का खाद्य तेल जब्त किया गया है। जब्त किए गए तेल में रिफाइंड सूरजमुखी तेल, राइस ब्रान ऑयल, सरसों का तेल और मूंगफली का तेल शामिल है। अधिकारियों ने जांच के लिए इन तेलों के नमूने लिए हैं। इनमें आधार, फॉर्च्यून, पतंजलि और सफोला ब्रांड के तेल शामिल हैं। कुल नौ नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य तेल की गुणवत्ता के साथ ही उसके पैकेट और बोतलों पर की गई लेबलिंग की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, यदि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में तेल की गुणवत्ता निर्धारित मानकों से कम या लेबलिंग गलत पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुंबई की संयुक्त आयुक्त प्रीति टिपरे और पुणे विभाग के संयुक्त आयुक्त श्रीकांत करकले के मार्गदर्शन में सहायक आयुक्त डी. एस. सालुंखे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी ए. बी. भिसे और एस. एस. हाके की टीम ने यह कार्रवाई की।
प्रतिष्ठान का नाम और पता:
मे. एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड, गट नंबर 113, शेड नंबर 1, मौजे आंबी, तहसील मावल, जिला पुणे।
जब्त किया गया कुल स्टॉक:
20,085 लीटर खाद्य तेल, जिसकी कुल कीमत 50,27,893 रुपये है।
जब्ती का कारण:
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत तेल की गुणवत्ता निर्धारित मानकों से कम (Substandard) होने और ब्रांडिंग/लेबलिंग के जरिए उपभोक्ताओं को गुमराह किए जाने (Misbranded) का संदेह।
जांच के लिए लिए गए खाद्य तेल के 9 नमूने:
1. रिफाइंड सूरजमुखी तेल (आधार – Aadhar)
2. फिजिकली रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल – पाउच (फॉर्च्यून – Fortune)
3. कच्ची घानी सरसों का तेल – पाउच (पतंजलि – Patanjali)
4. कोल्ड प्रेस्ड सरसों का तेल (सफोला – Saffola)
5. कोल्ड प्रेस्ड मूंगफली का तेल (सफोला – Saffola)
6. कच्ची घानी सरसों का तेल – बोतल (पतंजलि – Patanjali)
7. कच्ची घानी सरसों का तेल – जार (पतंजलि – Patanjali)
8. फिजिकली रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल – 15 लीटर जार (फॉर्च्यून – Fortune)
9. फिजिकली रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल – 5 लीटर जार (फॉर्च्यून – Fortune)
इस कार्रवाई से संबंधित गोपनीय जानकारी पुणे खुफिया विभाग (IB) के खाद्य सुरक्षा अधिकारी बालाजी शिंदे ने जुटाई थी। पुणे विभाग के सहायक आयुक्त डी. एस. सालुंखे के नेतृत्व में स्थानीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी ए. बी. भिसे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी एस. एस. हाके की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
