मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर लगने वाले ऐतिहासिक गधा मेले में ‘चंकी पांडे’ नाम के एक गधे की सबसे ऊंची बोली लगी। उसकी कीमत अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और मिथुन चक्रवर्ती के नाम वाले गधों से कहीं ज्यादा रही।
मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के किनारे हर साल दिवाली के बाद लगने वाला सदियों पुराना गधा मेला एक बार फिर गुलजार हुआ। मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश की सीमा पर आयोजित इस पारंपरिक मेले में इस बार भी देश के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी अपने गधे लेकर पहुंचे।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों से आए व्यापारियों ने सुबह से ही गधों की खरीद-फरोख्त शुरू कर दी। मेले में बड़ी संख्या में लोग भी पहुंचे। कोई गधों की नस्ल और कद-काठी देखने में व्यस्त था तो कोई उनकी कीमत जानने और खरीदारी का सौदा करने में।
हालांकि, इस मेले का सबसे दिलचस्प पहलू सिर्फ गधों की शारीरिक बनावट और उनकी कीमतें नहीं थीं, बल्कि उनके अनोखे फिल्मी नाम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। व्यापारियों ने अपने गधों के नाम बॉलीवुड के लोकप्रिय सितारों के नाम पर रखे थे।
इस साल अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, मिथुन चक्रवर्ती और चंकी पांडे के नाम वाले गधे मेले में खास आकर्षण रहे। इन फिल्मी नामों को सुनकर मेले में आए लोग मुस्कुराते नजर आए। कई लोग इन अनोखे नाम वाले गधों को करीब से देखने के लिए भी रुके।
हालांकि, गधों की कीमत तय करने में उनके फिल्मी नामों की नहीं, बल्कि नस्ल, ऊंचाई, शरीर की बनावट, लंबाई और ताकत की अहम भूमिका रही। इस साल अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान और मिथुन चक्रवर्ती के नाम वाले गधों की कीमत 50 हजार रुपये से कम रही।
लेकिन काले रंग के ‘चंकी पांडे’ ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। शानदार कद-काठी और फिल्मी नाम वाले इस गधे को खरीदने के लिए व्यापारियों के बीच अच्छी खासी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। आखिरकार इसकी बिक्री 72 हजार रुपये में हुई। इस तरह ‘चंकी पांडे’ इस साल मेले का सबसे महंगा गधा बन गया और उसने ‘अमिताभ’, ‘मिथुन’ और ‘शाहरुख’ को भी पीछे छोड़ दिया।
दिलचस्प बात यह है कि चित्रकूट का गधा मेला केवल पशुओं की खरीद-बिक्री का बाजार नहीं है, बल्कि यह इतिहास और परंपरा का भी प्रतीक है। स्थानीय मान्यताओं के मुताबिक, इस मेले की शुरुआत मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में हुई थी। माना जाता है कि उस दौर में सैन्य साजो-सामान और रसद एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए गधों और खच्चरों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता था। धीरे-धीरे दिवाली के आसपास इस मेले के आयोजन की परंपरा शुरू हुई, जो आज तक जारी है।
समय बदला, व्यापार के तौर-तरीके बदले, लेकिन चित्रकूट के इस अनोखे गधा मेले का आकर्षण आज भी बरकरार है। यहां बॉलीवुड सितारों के नाम वाले गधे लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाते हैं, वहीं उनकी कीमत उनकी व्यावसायिक उपयोगिता और शारीरिक क्षमता के आधार पर तय होती है।
गौरतलब है कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके गिरोह ने बॉलीवुड में कई लक्षित हमलों, गोलीबारी और रंगदारी की धमकियों के जरिए दहशत का माहौल पैदा किया है। लेकिन पिछले साल इसी गधा मेले में बॉलीवुड सितारों के नाम वाले गधों के साथ गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का गधा भी बिक्री के लिए लाया गया था।
चित्रकूट निवासी रमेश पांडे ने बताया, “पिछले साल जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम का एक गधा भी मेले में बिक्री के लिए आया था। उसके साथ बिग बी, शाहरुख खान और कैटरीना कैफ जैसे बॉलीवुड सितारों के नाम वाले गधे भी मौजूद थे।”
मझगवां के उपखंड अधिकारी (एसडीएम) महिपाल सिंह गुर्जर के मुताबिक, “मान्यताओं के अनुसार, मध्य प्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट में दिवाली के बाद हर साल आयोजित होने वाला यह गधा मेला मुगल शासक औरंगजेब के दौर से चला आ रहा है। इस साल मेले में एक गधे की सबसे अधिक कीमत 72 हजार रुपये लगी है। पिछले साल शाहरुख नाम के गधे की सबसे ज्यादा कीमत मिली थी।”
