रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने अपनी प्रेमिका के घर में आग लगा दी। महिला ने सात से आठ साल पुराने रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया था, जिससे नाराज होकर युवक ने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय महिला अपने माता-पिता के साथ घर में ही मौजूद थी। आग लगने से तीनों की जान खतरे में पड़ गई, लेकिन समय रहते वे घर से बाहर निकलने में कामयाब रहे। मामले में मानपाड़ा पुलिस ने आरोपी दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, दीपेश रस्तोगी और महिला पिछले सात से आठ वर्षों से रिलेशनशिप में थे। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच मतभेद बढ़ने के कारण रिश्ते में तनाव आ गया था। आखिरकार महिला ने इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला किया और रस्तोगी को साफ तौर पर बता दिया कि वह अब उसके साथ संबंध जारी नहीं रखना चाहती।
दीपेश रस्तोगी महिला के इस फैसले को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था। ब्रेकअप से नाराज होकर उसने महिला के घर को निशाना बनाया और उसमें आग लगा दी। अचानक घर में आग की लपटें उठने से अफरा-तफरी मच गई। उस वक्त महिला और उसके माता-पिता घर के अंदर ही मौजूद थे।
खतरे को भांपते हुए परिवार के तीनों सदस्य तुरंत घर से बाहर निकल आए और अपनी जान बचाई। आग की घटना से आसपास के इलाके में भी दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मानपाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने घर में आग लगाने के आरोप में दीपेश रस्तोगी को गिरफ्तार कर लिया।
मानपाड़ा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीपन शिंदे ने बताया कि जांच के दौरान इस बात का पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने किस मकसद से घर में आग लगाई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उसका इरादा केवल घर में आग लगाने का था या वह जानबूझकर महिला और उसके माता-पिता को भी नुकसान पहुंचाना चाहता था।
दीपेश रस्तोगी बेगारी का काम करता था।
