अब QR कोड स्कैन कर होगी असली या नकली पुलिसकर्मियों की पहचान

 

फर्जी पुलिसकर्मी बनकर लोगों को ठगने और उनसे जबरन वसूली करने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुंबई पुलिस अब क्यूआर (QR) कोड वाले स्मार्ट पहचान पत्र जारी करने जा रही है। इससे आम नागरिक असली पुलिसकर्मियों और पुलिसकर्मी बनकर घूमने वाले जालसाजों के बीच आसानी से अंतर कर सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक पुलिसकर्मी को धातु से बना स्मार्ट पहचान पत्र दिया जाएगा। इस पर पुलिसकर्मी की तस्वीर उभरी हुई (एम्बॉस्ड) होगी और साथ में एक क्यूआर कोड भी होगा। नागरिक अपने स्मार्टफोन से इस कोड को स्कैन कर संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान और उसकी आधिकारिक जानकारी की पुष्टि कर सकेंगे।

दरअसल, इन दिनों फर्जी पुलिसकर्मियों द्वारा लोगों को निशाना बनाने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे जालसाज अक्सर सादे कपड़ों में पुलिस अधिकारी बनकर सुबह की सैर पर निकलने वाले वरिष्ठ नागरिकों और कारोबारियों को अपना शिकार बनाते हैं। वे खुद को जांच अधिकारी या सुरक्षा जांच करने वाला पुलिसकर्मी बताकर लोगों को डराते हैं। कई मामलों में वे भोले-भाले नागरिकों से पैसे ऐंठने की कोशिश भी करते हैं।

शनिवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस को डिजिटल बनाने और तकनीक आधारित कई नई सुविधाएं शुरू करने की पहल के तहत इस परियोजना का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों समेत कुछ चुनिंदा पुलिसकर्मियों को स्मार्ट पहचान पत्र भी वितरित किए गए।

नई व्यवस्था के तहत नागरिक मुंबई पुलिस के सिटीजन ऐप के जरिए किसी भी पुलिसकर्मी के पहचान पत्र पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन कर सकेंगे। कोड स्कैन करते ही नागरिक आधिकारिक सत्यापन प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाएंगे। वहां संबंधित पुलिसकर्मी की तस्वीर, नाम, पुलिस सेवा में शामिल होने की तारीख और वर्तमान तैनाती (पोस्टिंग) की जानकारी दिखाई देगी। इसके बाद नागरिक अपने मोबाइल पर दिखाई देने वाली जानकारी का मिलान सामने मौजूद पुलिसकर्मी और उसके पहचान पत्र से कर सकेंगे।

इस पहल के बारे में एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्मार्ट पहचान पत्रों की छपाई का काम पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि एक महीने के भीतर पुलिस बल के सभी कर्मचारियों को ये पहचान पत्र जारी कर दिए जाएंगे।

मुंबई पुलिस में स्वीकृत कुल 51,308 पदों को इस परियोजना के दायरे में शामिल किया गया है। राज्य सरकार ने इस साल फरवरी में इस परियोजना के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की थी।

Leave a Comment