गुरशिंदर कौर
पंजाब के लुधियाना की एक अदालत ने मॉडल टाउन थाने की SHO (Station House Officer) इंस्पेक्टर गुरशिंदर कौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 209 के तहत FIR दर्ज करने के आदेश दिया है। अदालत ने यह सख्त कदम एक अपहरण से जुड़े मामले में बार-बार निर्देशों के बावजूद जांच रिपोर्ट पेश न करने और कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने पर उठाया है।
अदालत ने अब कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा को SHO गुरशिंदर कौर के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने एसीपी सिविल लाइंस को भी अगली सुनवाई पर FIR संबंधी कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने को कहा है। अदालत ने 6 फरवरी 2025 को रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद कारण बताओ नोटिस (6 मई), गैर-जमानती वारंट (6 अगस्त) और वेतन अटैच करने जैसे कदम भी उठाए गए, लेकिन रिपोर्ट पेश नहीं हुई।
मामला रमनदीप कौर की ओर से वर्ष 2022 में रछपाल सिंह के खिलाफ दायर याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात और अपहरण से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की थी। अदालत ने छह फरवरी 2025 को थाना मॉडल टाउन के SHO गुरशिंदर कौर को मामले में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद गुरशिंदर कौर ने रिपोर्ट दाखिल नहीं की। अदालत ने इसके बाद भी कई बार रिपोर्ट देने को कहा पर गुरशिंदर कौर ने हर बार नज़रअंदाज़ कर दिया। इसके बाद 6 मई 2026 को गुरशिंदर कौर को कारण बताओ नोटिस जारी किया और 6 अगस्त 2026 को SHO गुरशिंदर कौर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया।
अदालत ने SHO गुरशिंदर कौर पर रिपोर्ट पेश करने का दबाव बनाने के लिए वेतन अटैच करने का आदेश भी दिया था। इसके बावजूद गुरशिंदर कौर ने रिपोर्ट दाखिल नहीं की। 6 नवंबर 2026 को अदालत ने उन्हें भगोड़ा घोषित कर दिया।
एसीपी सिविल लाइंस सरबजीत सिंह ने मीडिया को बताया कि अदालत के आदेश उनके संज्ञान में आ गए हैं। विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और अगली सुनवाई तक अदालत के निर्देशों के अनुसार रिपोर्ट पेश की जाएगी।
