फर्जी डॉक्टर पर CSR फंड के 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप

 

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने चैरिटेबल ट्रस्टों के नेटवर्क के जरिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के करीब 200 करोड़ रुपये की हेराफेरी और मनी लॉन्ड्रिंग करने वाले एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है। ED ने इस पूरे रैकेट का मुख्य आरोपी बताए जा रहे धर्मेंद्र कुमार चंद्रदेव सिंह को सोमवार को विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत में पेश करने के बाद गिरफ्तार किया।

धर्मेंद्र सिंह जुलाई में गिरफ्तारी के बाद से ही आर्थर रोड जेल में न्यायिक हिरासत में था। उसे जुहू पुलिस स्टेशन में महाराष्ट्र मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एक्ट, नेशनल मेडिकल कमीशन एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था। ED ने शनिवार को अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल किया और सोमवार को विशेष अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया।

ED ने अदालत को बताया कि धर्मेंद्र सिंह ने खुद को चिकित्सा पेशे से जुड़ा व्यक्ति बताकर विभिन्न ट्रस्टों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कल्याण से संबंधित गतिविधियां संचालित करने का दावा किया था। ED का आरोप है कि वह करीब 200 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल था।

प्राथमिकी (FIR) के आधार पर की गई जांच में ED को पता चला कि धर्मेंद्र सिंह के पास न तो कोई मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री थी और न ही मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया में उसका पंजीकरण था। उसने केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की थी, इसके बावजूद करीब 30 वर्षों तक खुद को डॉक्टर बताता रहा।

ED का आरोप है कि इसी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर उसने कई चैरिटेबल ट्रस्टों और संस्थाओं का नेटवर्क खड़ा किया। ये संस्थाएं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी CSR परियोजनाएं चलाने का दावा करती थीं। इनके जरिए सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) और निजी कंपनियों से सामाजिक कल्याण के नाम पर चंदा और CSR फंड हासिल किया जाता था।

ED के मुताबिक, इस घोटाले का तरीका यह था कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के सामने CSR परियोजनाओं के प्रस्ताव रखे जाते थे। इसके बाद या तो संबंधित काम अधूरा छोड़ा जाता था या फिर प्राप्त फंड के अनुपात में काम ही नहीं किया जाता था। परियोजनाओं से जुड़े वेंडरों के बिल बढ़ा-चढ़ाकर बनाए जाते थे और अतिरिक्त रकम फर्जी कंपनियों अथवा शेल संस्थाओं के जरिए इधर-उधर भेज दी जाती थी। CSR फंड दिलाने में मदद करने वाले बिचौलियों और दलालों को कमीशन या अवैध भुगतान भी किया जाता था।

निजी कंपनियों से जुड़े लेन-देन में ED का आरोप है कि CSR फंड की एक बड़ी रकम मामूली कमीशन काटने के बाद नकद के रूप में संबंधित कंपनियों को वापस कर दी जाती थी।

ED के एक अधिकारी ने बताया, “इस तरीके से करीब 200 करोड़ रुपये के CSR फंड का लेन-देन किए जाने की जानकारी मिली है। इससे बड़े पैमाने पर CSR राशि के दुरुपयोग और उसे दोबारा उसी व्यवस्था में खपाने का संकेत मिलता है।”

ED ने अदालत को बताया कि PMLA के तहत 15 और 17 अक्टूबर को सिंह के बयान दर्ज किए गए थे। इस दौरान उसे CSR परियोजनाओं, बैंक खातों के लेन-देन, वेंडरों, बिचौलिया संस्थाओं और फंड के हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों और अन्य सबूतों के आधार पर सवालों का सामना कराया गया था।

धर्मेंद्र सिंह के वकील ने दलील दी कि ED पहले ही उसके बयान दर्ज कर चुकी है, इसलिए अब उसे हिरासत में लेने की कोई आवश्यकता नहीं है। हालांकि, अदालत ने कहा कि इस बात पर विश्वास करने के पर्याप्त कारण हैं कि आरोपी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के नाम पर बड़ी रकम की मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल है। इसके बाद अदालत ने उसकी गिरफ्तारी की अनुमति दे दी।

ED के अनुसार, देशभर में कम से कम 40 सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSU) और PSU बैंकों ने सिंह द्वारा संचालित ट्रस्टों को CSR के तहत आर्थिक सहायता दी थी। इन संस्थाओं ने विभिन्न परियोजनाओं को वैध सामाजिक कल्याणकारी पहल के रूप में पेश किया था।

इस साल सितंबर में धर्मेंद्र सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान उसके वकील ने शहर की एक अदालत में दलील दी थी कि उनके मुवक्किल को इस मामले में “झूठे तरीके से फंसाया गया है।”

Leave a Comment