उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के रहने वाले सौरभ राय को तंबाकू, चूना और चुनौटी साथ ले जाना भारी पड़ गया। बहरीन एयरपोर्ट पर इन प्रतिबंधित सामग्रियों के साथ पकड़े जाने के बाद उन्हें 18 दिनों तक हिरासत में रहना पड़ा। आखिरकार करीब 18 लाख रुपये का जुर्माना भरने के बाद उन्हें रिहाई मिली। शनिवार को वह अपने घर लौट आए। स्वदेश पहुंचने के बाद उन्होंने बहरीन में हिरासत के दौरान हुई प्रताड़ना की आपबीती सुनाई। इस मामले में पुलिस ने भी उनके घर पहुंचकर बयान दर्ज किया है।
सौरभ राय के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2026 को बहरीन एयरपोर्ट पर उतरने के बाद नियमित जांच के दौरान उनके सामान से तंबाकू, चूना और चुनौटी बरामद हुआ। इसके बाद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उनका मोबाइल फोन और बैग भी जब्त कर लिया। बाद में उन्हें बहरीन पुलिस और अपराध जांच विभाग के हवाले कर दिया गया, जहां उनसे कथित तौर पर तस्करी से जुड़े सामान को लेकर पूछताछ की गई।
सौरभ राय ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उन्हें बेहद कठिन परिस्थितियों में रखा गया। जिस कमरे में उन्हें बंद किया गया था, वहां एयर कंडीशनर 16 डिग्री सेल्सियस पर चलता रहता था। ठंड से बचने के लिए उन्हें केवल एक हल्की चादर दी गई थी। उनका दावा है कि लगातार 24 घंटे इसी स्थिति में रखकर उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया।
सौरभ राय ने यह आरोप भी लगाया कि पूछताछ करने वाले अधिकारी पाकिस्तानी थे और भारतीयों तथा हिंदुओं के साथ विशेष सख्ती बरतते थे। उनके मुताबिक, अधिकारी उनसे कहते थे कि वे बहरीन को लूटने आते हैं। लगातार प्रताड़ना के चलते उन्हें अपनी जान का खतरा सताने लगा था। उन्हें आशंका थी कि शायद अब वह कभी अपने परिवार के पास वापस नहीं लौट पाएंगे।
इधर, सौरभ राय की रिहाई के लिए परिवार लगातार प्रयास कर रहा था। परिजनों ने परिचितों के जरिए बहरीन में एक वकील की व्यवस्था की। सौरभ राय के अनुसार, जुर्माना नहीं भरने की स्थिति में उन्हें 10 से 15 साल तक की सजा हो सकती थी। ऐसे में रिहाई के लिए 7,200 बहरीनी दीनार (भारतीय मुद्रा में करीब 18 लाख रुपये) का भुगतान करना पड़ा। अदालत ने 18 तारीख को उन्हें रिहा कर दिया, जिसके बाद वह विमान से भारत लौटे।
सौरभ राय की तबीयत भी फिलहाल ठीक नहीं है। उनके मुताबिक, हिरासत से लौटने के बाद उन्हें टाइफाइड और मलेरिया होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा, बहरीन प्रशासन ने उनके देश में दोबारा प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सौरभ राय के भाई ऋषभ राय ने गृह विभाग और पुलिस अधीक्षक के माध्यम से अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा। उन्होंने 12 नवंबर 2026 को विदेश मंत्रालय से भी मामले में हस्तक्षेप कर समन्वय स्थापित करने की मांग की थी।
वहीं, मामले में सीओ बूढ़नपुर विजय सिंह गौर ने बताया कि बहरीन में लापता हुए युवक की सकुशल घर वापसी की जानकारी मिली है। संबंधित थाने से पुलिसकर्मियों को भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई गई है। प्राप्त तथ्यों से उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
