संजय निषाद
उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के बलिया जिले को लेकर दिये गये बयान पर उठे विवाद के बीच करणी सेना के जिला अध्यक्ष ने निषाद की जीभ ‘काटकर लाने’ वाले को पांच लाख 51 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। कांग्रेस ने भी बांसडीह थाने में संजय निषाद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए शिकायत दी है।
दरअसल, निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मत्स्य मंत्री डॉक्टर संजय निषाद ने 29 नवम्बर को बांसडीह विधानसभा के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में मंत्री संजय निषाद ने कहा- बलिया के लोग अंग्रेजों के दलाल थे। दलाली की प्रथा चलती रही और यह अब भी जारी है। इसीलिए बलिया अभी भी बर्बाद है। नहीं तो बलिया बागी बलिया था। अंग्रेजों को मारकर भगाया था। देश को आजाद कराया था।
करणी सेना के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मंत्री संजय निषाद की जीभ काटकर लाने वाले को वह पांच लाख 51 हजार रुपये का इनाम देंगे। कमलेश सिंह ने कहा- बलिया के बारे में उनकी टिप्पणी उनकी बीमार मानसिकता को दर्शाती है। बलिया के मंगल पांडे ने क्रांति का बिगुल बजाया था। जो कोई उनकी (निषाद की) जीभ काटकर लाएगा, उसे मैं 5,51,000 रुपये का इनाम दूंगा।’
इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बलिया में प्रतीकात्मक रूप से मंत्री की अंतिम संस्कार की यात्रा निकाली।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा, ‘हमने कल बलिया शहर में मंत्री जी का पुतला दहन किया था। उनके बयान के 72 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई न होने पर अब मैंने बांसडीह कोतवाली में तहरीर देकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
