डोम्बिवली के ‘रील स्टार’ सुरेंद्र पाटिल के घर से 3 देसी पिस्तौल, 1 सिक्सर रिवॉल्वर, 7 कट्टा, 2 एयरगन, 405 कारतूस, 167 छर्रा, 2 तलवार, 3 कोयता, 1 छूरा और 1 बटन चाकू बरामद

सुरेंद्र पाटिल

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उपनगर डोम्बिवली के ‘रील स्टार’ के नाम से जाने जाने वाले सुरेंद्र पाटिल को पुलिस ने फिर गिरफ्तार कर लिया है। सुरेंद्र पाटिल के घर से पुलिस ने 3 देसी पिस्तौल, 1 सिक्सर रिवॉल्वर, 7 कट्टा, 2 एयरगन, 405 कारतूस, 167 छर्रा, 2 तलवार, 3 कोयता, 1 छूरा, 1 बटन चाकू और 3, 52,000 रुपये नकद बरामद किया है। करीब दो हफ्ते पहले ही सुरेंद्र पाटिल एक मामले में जेल से छूट कर आया था।

सुरेंद्र पाटिल एकविरा बँगला, श्री धनलक्ष्मी अपार्टमेंट, दावड़ी, डोम्बिवली (पूर्व) में रहता है। इंस्टाग्राम पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाला 55 वर्षीय सुरेंद्र पाटिल वीडियो बनाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल प्रॉप्स के रूप में करता था ताकि खुद को गैंगस्टर के रूप में पेश कर सके। इसलिए वह ‘रील स्टार’ के नाम जाना जाता था।

अपराध शाखा के उपायुक्त अमर जाधव ने पत्रकारों को बताया कि ठाणे पुलिस की अपराध शाखा की यूनिट-3 ने शनिवार देर रात सुरेंद्र पाटिल के घर की तलाशी ली। एक आलीशान घर में रखा जूता रैक अधिकारियों को संदिग्ध लगा। जब उन्होंने उसके फॉल्स पैनल को हटाया, तो अंदर से ऐसा जखीरा मिला जिसे अधिकारियों ने “छोटी मिलिशिया के लिए तैयार किया गया हथियारों का भंडार” बताया। पुलिस ने यहां से 3 देसी पिस्तौल, 1 सिक्सर रिवॉल्वर, 7 कट्टा, 2 एयरगन, 405 कारतूस, 167 छर्रा, 2 तलवार, 3 कोयता, 1 छूरा और 1 चाकू, दो लोहे की रॉड, दो कोयते (हंसिया) और एक तलवार बरामद की। इन हथियारों की कीमत 12 लाख 21 हजार रुपये है। पुलिस ने करीब 2 लाख रुपये के दो महंगे स्मार्टफोन भी बरामद किये। कुछ हथियारों पर ‘Made in USA’ और ‘Special Auto’ जैसी पेशेवर नक्काशी भी है।

सुरेंद्र पाटिल के खिलाफ मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में 10, डोम्बिवली पुलिस स्टेशन में 1, कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन में 1 और महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में 1 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Leave a Comment