भाजपा नेता किरीट सोमैया के दफ्तर की नेमप्लेट में युवक ने पेट्रोल डालकर लगाई आग

 

मुंबई के पूर्वी उपनगर मुलुंड (पूर्व) स्थित नीलम नगर में भाजपा नेता किरीट सोमैया के कार्यालय के बाहर लगी नेम प्लेट पर एक युवक ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। नवघर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसका नाम प्रवीण कुंदर मालूम पड़ा है।

पुलिस ने बताया आरोपी प्रवीण कुंदर (26) उसी सोसायटी की दूसरी विंग में रहता है जहां किरीट सोमैया रहते हैं। प्रवीण कुंदर के माता-पिता विदेश में बस गए हैं और कुछ महीने पहले उसकी नौकरी चली गई थी। वह सोसायटी परिसर के भीतर एक जिम में नियमित रूप से जाता था, जिसे हाल ही में किरीट सोमैया ने अवैध स्थिति का हवाला देते हुए शिकायत कर बंद करा दिया था। बाद में जिम को नानेपाड़ा में स्थानांतरित कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि प्रवीण कुंदर जिम स्थानांतरित होने के कारण लंबी दूरी तय करने से परेशान था और उसने इस असुविधा के लिए किरीट सोमैया को दोषी ठहराया। गुस्सा होकर उसने 6 अप्रैल 2026 की सुबह यह कृत्य किया। अपनी पहचान छिपाने के लिए काले कपड़े पहने और हेलमेट लगाया। प्रवीण कुंदर ने किरीट सोमैया के कार्यालय से लगभग 40 फीट दूर स्थित एक लोहे की नेमप्लेट पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और उसे आग लगा दी।

इस दौरान एक CISF सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने प्रवीण कुंदर को ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Comment