नकली पुलिस वालों ने सोने पर 2% छूट का लालच देकर ज्वेलर को ठगा

 

दक्षिण मुंबई के कालबादेवी के एक 28 वर्षीय ज्वेलर से नकली पुलिस वालों के गिरोह ने 15 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने 2% सस्ता सोने का का लालच दिया और फिर पुलिस अधिकारी बनकर पैसे लेकर फरार हो गए।

शिकायतकर्ता दर्शन कोठारी अपने परिवार के साथ कालबादेवी रोड पर जैनम गोल्ड ज्वेलरी नाम की दुकान चलाते हैं। पुलिस के अनुसार, कोठारी को एक दोस्त ने बताया था कि उसका एक परिचित नकदी की तत्काल जरूरत के कारण 2% छूट पर सोना बेचने को तैयार है। दोनों के बीच वीडियो कॉल हुई और अगले दिन मिलने का तय हुआ। इसके बाद दर्शन कोठारी की मुलाकात आरोपियों में से एक, विकास अग्रवाल, से कुर्ला ईस्ट के मदर डेयरी रोड पर हुई।

आरोप है कि विकास अग्रवाल ने दर्शन कोठारी को 100 ग्राम सोना दिखाया। जब कोठारी ने उसकी शुद्धता जांचने की बात कही तो उसे पास की दुकान पर टेस्ट कराने को कहा गया। बातचीत के दौरान विकास अग्रवाल ने यह भी पूछा कि क्या कोठारी के पास नकद रकम है, जिस पर कोठारी ने 15 लाख रुपये से भरा बैग दिखाया।

इसी दौरान पुलिस का बोर्ड लगी एक टोयोटा इनोवा वहां आकर रुकी। डंडे लिए चार लोग गाड़ी से उतरे और विकास अग्रवाल से गाड़ी में बैठने को कहा। इस अफरा-तफरी में विकास अग्रवाल ने दर्शन कोठारी का पैसों से भरा बैग छीन लिया और बाकी साथियों के साथ कार में बैठकर सांताक्रूज़-चेंबूर लिंक रोड (SCLR) की ओर फरार हो गया। कोठारी ने बाद में अग्रवाल को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद था। इसके बाद उन्होंने नेहरू नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति हासिल करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।

Leave a Comment