टेक्नो म्युजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स ओवरडोज से 2 MBA छात्रों की मौत, इटली की DJ जोड़ी 999999999 ने दी थी परफॉर्मेंस

 

मुंबई के पश्चिमी उपनगर गोरेगांव (पूर्व) के टेक्नो म्युजिक कॉन्सर्ट में ड्रग्स की अधिक मात्रा लेने से एक प्रतिष्ठित कॉलेज के दो MBA छात्रों की मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष और एक महिला छात्र शामिल हैं, जो दक्षिण मुंबई के एक प्रतिष्ठित मैनेजमेंट कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे। इस मामले में पुलिस ने आयोजक सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर छात्रों को ड्रग्स उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, गोरेगांव (पूर्व) में टेक्नो म्युजिक कॉन्सर्ट, जिसे रेव पार्टी भी कह सकते हैं, आयोजित किया गया था। इसमें 3,000 से 4,000 लोग शामिल हुए थे। यहां दोनों छात्रों ने कार्यक्रम में पहुंचने से पहले कथित रूप से ‘एक्स्टेसी’ ड्रग की अधिक मात्रा का सेवन किया था। छात्र दक्षिण मुंबई के चर्नी रोड के रहनेवाले थे। कॉन्सर्ट के दौरान उन्हें असहज महसूस होने लगा। दोनों छात्रों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक को जोगेश्वरी पश्चिम के ट्रॉमा अस्पताल और दूसरे को दक्षिण मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक छात्र की मौत 12 अप्रैल की सुबह हो गई, जबकि दूसरे ने दोपहर में दम तोड़ दिया।

कॉन्सर्ट के दौरान अत्यधिक शराब और ड्रग्स के सेवन के कारण कुछ अन्य लोग भी प्रभावित हुए। उनकी हालत बिगड़ने पर दो लोगों को इलाज के लिए जोगेश्वरी स्थित हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे ट्रॉमा केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

वनराई पुलिस ने 13 अप्रैल को पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), धारा 125(बी) (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य), धारा 223(बी) (लोक सेवक द्वारा विधिवत जारी आदेश की अवहेलना) और धारा 3(5) (सामान्य व्याख्या) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस एक्ट की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।

पुलिस ने कॉन्सर्ट में ड्रग्स सप्लाई करने वाले आनन्द पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आनंद पटेल कल्याण (पश्चिम) के वायले नगर का रहने वाला है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जेजे अस्पताल भेजे गए हैं। पुलिस ने अभी तक मृतकों और आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।

गोरेगांव टेक्नो म्युजिक कॉन्सर्ट में इटली की प्रसिद्ध टेक्नो DJ जोड़ी 999999999 ने लाइव परफॉर्मेंस दिया था। ‘नाइन टाइम्स नाइन’ के नाम से जानी जाने वाली यह जोड़ी हार्ड टेक्नो और एसिड टेक्नो शैली के संगीत के लिए मशहूर है और विश्व स्तर पर उनके परफॉर्मेंस की काफी मांग है। “Acid Blood” और “Love 4 Rave” जैसे ट्रैक्स के कारण युवाओं के बीच इस जोड़ी की खास लोकप्रियता है। DJ जोड़ी 999999999 ने Awakenings, Tomorrowland और Electric Daisy Carnival जैसे अंतरराष्ट्रीय महोत्सवों में भी प्रस्तुति दी है।

Leave a Comment