डांसर अश्विनी पॉल
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने आमिर सय्यद को गिरफ्तार किया है, जो बार डांसर अश्विनी पॉल का लिव-इन पार्टनर है। अश्विनी पॉल को पिछले हफ्ते 6 करोड़ रुपये कीमत की 5,000 से अधिक MDMA गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
ठाणे जिले के टिटवाला निवासी 42 वर्षीय आमिर सय्यद ड्रग्स की सप्लाई करता था, जिसे अश्विनी पॉल मुंबई भर के विक्रेताओं तक पहुंचाती थी। पुलिस ने आमिर सय्यद को मंगलवार को गिरफ्तार किया। बुधवार को उसे अदालत में पेश किया। कोर्ट ने उसे 28 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस आमिर सय्यद से पता लगा रही है कि 6 करोड़ रुपये की कीमत वाली 5,030 गोलियां उसने कहां से लाई थी। आमिर सय्यद ड्रग सिंडिकेट का अहम सदस्य है। इससे पहले कोकीन की सप्लाई के मामले में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने भी उसे गिरफ्तार था।
बता दें कि अश्विनी पॉल के पास से बरामद MDMA गोलियों पर मर्सिडीज और ऑडी जैसी कंपनियों के लोगो बने हुए थे। ये वही लोगो हैं जैसे 11 अप्रैल को गोरेगांव में एक कॉन्सर्ट के दौरान दो MBA छात्रों द्वारा सेवन की गई एक्स्टेसी गोलियों पर थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, अश्विनी पॉल और आमिर सय्यद की मुलाकात एक डांस बार में हुई थी। वे पहले नेरुल और कल्याण में साथ रह चुके थे और करीब दो महीने पहले टिटवाला के उस फ्लैट में शिफ्ट हुए थे, जहां से अश्विनी पॉल को गिरफ्तार किया गया।
ड्रग कारोबार में अश्विनी पॉल खुद को रुखसाना शेख के नाम से पहचानती थी। जांचकर्ताओं के अनुसार, फरवरी में आमिर सय्यद द्वारा मंगाई गई 5,230 MDMA गोलियों में से उसने केवल 200 गोलियां ही कथित ड्रग तस्कर इरफान शेख को सप्लाई की थीं, जिसे पहले साकीनाका से गिरफ्तार किया गया था। बाकी गोलियां अश्विनी पॉल के पास से बरामद हुई थीं।
मामले में सभी आरोपी – आमिर सय्यद, अश्विनी पॉल, इरफान शेख और सूफियान अंसारी – को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। इरफ़ान शेख को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि अन्य आरोपियों को 28 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में रखा गया है। पुलिस ने अदालत को बताया कि सभी आरोपी जेल में मिले थे, जहां उनकी दोस्ती हुई और बाद में उन्होंने साथ मिलकर काम करना शुरू किया।
