महाराष्ट्र के ठाणे जिले की डोंबिवली की मानपाड़ा पुलिस ने आदर्श म्हात्रे नामक एक ठग को गिरफ्तार किया है। आदर्श म्हात्रे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लड़कियों से पहचान बनाता था, प्यार का नाटक करता था, उनके नाम पर कर्ज लेता था और फिर फरार हो जाता था। बताते हैं आदर्श म्हात्रे ने ऐसी 140 युवतियों ले साथ ठगी की है।
आदर्श म्हात्रे रायगढ़ जिले के पनवेल इलाके का निवासी है। वह सोशल मीडिया पर युवतियों से दोस्ती करता था और उनके साथ प्रेम संबंध बनाता था। इसके बाद शादी और भविष्य के सुनहरे सपने दिखाकर उनका पूरा विश्वास जीत लेता था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर वह उनके नाम पर विभिन्न बैंकों से लाखों रुपये का कर्ज निकालकर फरार हो जाता था।
चौंकाने वाली बात ये है कि आदर्श म्हात्रे ने अब तक 140 से अधिक युवतियों को अपने जाल में फंसाया है। खास बात यह है कि ठगी का शिकार हुई अधिकांश महिलाएं उच्च शिक्षित हैं और कॉर्पोरेट, बैंकिंग, वित्तीय तथा व्यावसायिक क्षेत्रों में बड़े पदों पर कार्यरत हैं।
पुलिस ने बताया अब तक 11 महिलाओं और युवतियों ने आगे आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को यह भी शक है कि कई महिलाएं बदनामी के डर से शिकायत दर्ज कराने से बच रही हैं।
इससे पहले भी इसी तरह के मामलों में नवी मुंबई पुलिस ने आदर्श म्हात्रे को गिरफ्तार किया था। उस समय मीडिया में आई खबरें देखने के बाद डोंबिवली की एक पीड़ित युवती ने हिम्मत दिखाते हुए मानपाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आदर्श म्हात्रे को गिरफ्तार कर लिया।
इस घटना के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से पहचान, प्रेम संबंध और आर्थिक लेन-देन को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। आरोपी ने और कितनी महिलाओं को ठगा है, इसकी जांच फिलहाल जारी है।
