मंत्री गिरीश महाजन की महिला के साथ ‘AI-जनरेटेड’ तस्वीरों के मामले में FIR दर्ज

गिरीश महाजन

महाराष्ट्र सरकार में जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन को एक युवा महिला के साथ दिखाने वाली तस्वीरें और सेल्फी के मामले में महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने FIR दर्ज की है। गिरीश महाजन के कार्यालय ने दावा किया कि उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से इन तस्वीरों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से बनाया गया या उनमें छेड़छाड़ (मॉर्फ) की गई है।

जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष कार्यकारी अधिकारी अमोल पाटिल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद पुलिस ने यह FIR दर्ज की। पुलिस के अनुसार, ये तस्वीरें शुक्रवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित होना शुरू हुईं और इनके साथ ऐसे कैप्शन लगाए गए जिन्हें अमोल पाटिल ने मानहानिकारक बताया।

अमोल पाटिल ने FIR में दावा किया है कि तस्वीरों में दिखाई देने वाली महिला गिरीश महाजन के एक मित्र की बेटी है और तस्वीरों को AI के जरिए मॉर्फ कर मंत्री को नकारात्मक रूप में पेश किया गया है।

पुलिस ने बताया कि वे उन सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच कर रही है जिन्होंने ये तस्वीरें प्रसारित कीं। जांचकर्ताओं का दावा है कि वही इंस्टाग्राम और X हैंडल पहले भी सत्तारूढ़ दल के खिलाफ सामग्री पोस्ट कर चुके हैं और ये हैंडल विदेशी स्थानों से संचालित किए जा रहे थे।

इस मामले में BNS- 2023 की धाराएं 351 (आपराधिक धमकी), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान), 353 (लोक उपद्रव को बढ़ावा देने वाले बयान) और 356 (आपराधिक मानहानि) के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 और 67 के तहत FIR दर्ज की गयी है।

जलगांव साइबर पुलिस ने भी गिरीश महाजन के एक समर्थक की शिकायत के आधार पर FIR की है।

Leave a Comment