महाराष्ट्र सरकार के राज्य मंत्री योगेश कदम ने मंगलवार को विधानसभा में घोषणा की कि महाराष्ट्र में भी समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किया जाएगा। इसके लिए हाईकोर्ट के रिटायर जज के नेतृत्व में एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों पर UCC पर विस्तृत अध्ययन कर रिपोर्ट देगी।
भारतीय जनता पार्टी की विधायक देवयानी फरांदे ने मंगलवार को विधानसभा में मुस्लिम महिलाओं की तीन तलाक से जुड़ी समस्याओं का मसला उठाया। उन्होंने दावा किया कि पिछले डेढ़ महीने में तीन मुस्लिम महिलाएं मदद के लिए उनके पास आई थीं। देवयानी फरांदे ने कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए, लेकिन पीड़ित महिलाओं को अभी तक पूरा न्याय नहीं मिला है। एक महिला को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई, जबकि दूसरी महिला के पति ने उस पर हमला करने की कोशिश की। देवयानी फरांदे सहित दूसरे विधायकों ने भी यह मामला सदन में उठाया।
सदस्यों के प्रश्नों का जवाब देते हुए गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि महायुति सरकार UCC विधेयक लागू करने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता विधेयक का मसौदा तैयार करने के लिए उच्च न्यायालय के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित करेंगे।
मंत्री योगेश कदम ने कहा कि तीन तलाक से संबंधित शिकायतें केवल नासिक तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे महाराष्ट्र से सामने आई हैं। उन्होंने सदन को बताया कि साल 2024 में प्राप्त ऐसी 42 शिकायतें सही पाई गईं। 137 आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई, जबकि 2025 में अब तक 95 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले चर्चा की शुरुआत में एनसीपी-एसपी के विधायक जयंत पाटिल ने यह मुद्दा सदन में उठाने पर आपत्ति की। उन्होंने कहा कि यह विषय नियमों के अनुरूप नहीं है। हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी आपत्ति खारिज कर दी और चर्चा की अनुमति दे दी। सत्ताधारी दल एनसीपी-एपी की विधायक सना मलिक ने कहा कि महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों को केवल धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ऐसी घटनाएं केवल मुस्लिम महिलाओं के साथ ही होती हैं।
चर्चा का जवाब देते हुए गृह राज्यमंत्री योगेश कदम ने कहा कि राज्य सरकार इस विषय को गंभीरता से ले रही है। समिति विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और निर्णय लिया जाएगा।
