महाराष्ट्र के ठाणे जिले के शाहपुर तालुका स्थित टेम्भा गांव के सरकारी आदिवासी आश्रमशाला में 21 नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने आश्रमशाला के सहायक रसोइये को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार रसोइये का नाम गणपत झिपरू गवली है।
शाहपुर पुलिस ने बताया शाहपुर तालुका की टेंभा आश्रमशाला में एक ही इमारत है। दूसरी मंजिल पर लड़कों का और तीसरी मंजिल पर लड़कियों का छात्रावास है। छात्राएं कपड़े धोने और भोजन करने के लिए तीसरी मंजिल से नीचे आती-जाती हैं। इसी दौरान गणपत गवली छात्राओं से छेड़खानी करता था। उसने 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ बलात्कार का भी प्रयास किया।
पीड़ित छात्रा ने पूरी घटना आश्रमशाला के अधीक्षक को बताई। इसके बाद अधीक्षक पीड़ित छात्राओं के साथ शाहपुर पुलिस थाने पहुंचे। गणपत गवली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 354 तथा पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज कर उससे गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विलास कदम के अनुसार गणपत गवली ने इससे पहले भी छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की थी।
