गुटखा तस्करी में मदद करने के आरोप में दो GRP के दो कांस्टेबल निलंबित

 

लम्बी दूरी की ट्रेनों के जरिए प्रतिबंधित गुटखा की खेप मुंबई पहुंचाने में मदद करने के आरोप में Government Railway Police (GRP) के दो कांस्टेबलों को 7 सितंबर को निलंबित कर दिया गया। निलंबित पुलिसकर्मियों की पहचान अनिल गुजर (बकल नंबर 3360) और तुषार ठाकुर (बकल नंबर 1287) के रूप में हुई है। अनिल गुजर बोरीवली GRP थाने में, जबकि तुषार ठाकुर वसई GRP थाने में तैनात थे।

GRP अधिकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले एक नागरिक ने GRP मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोनों कांस्टेबल गुटखा सप्लायरों के संपर्क में थे और गुजरात से मुंबई तक गुटखे की खेप पहुंचाने में मदद करते थे।

शिकायत मिलने के बाद GRP ने विभागीय जांच शुरू की। जांच में दोनों कांस्टेबलों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद मुंबई रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर ने 7 सितंबर को दोनों के निलंबन के आदेश जारी किए।

महाराष्ट्र में गुटखा प्रतिबंधित है और आरोप है कि दोनों कांस्टेबल गुजरात से मुंबई तक इसकी अवैध ढुलाई में मदद करते थे। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एसी कोच में गुटखे की खेप ले जाते हुए दिखाया गया है। प्रतिबंधित गुटखे से भरे बैग कोच के स्टोरेज कंपार्टमेंट में रखे गए थे।

गुटखा सप्लायर स्टोरेज ठेकेदारों को पैसे देते थे ताकि खेप को ट्रेन में रखने और आगे ले जाने की व्यवस्था की जा सके। यह भी आरोप है कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कुछ कर्मियों को भी कथित तौर पर पैसे दिए जाते थे, जिससे गुटखे की ढुलाई नियमित रूप से जारी रह सके।

गुटखे की खेप मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के जरिए भी भेजी जाती थी। खेप कथित तौर पर वसई या बोरीवली रेलवे स्टेशनों पर चढ़ाई जाती थी और बाद में टैक्सी या अन्य वाहनों के जरिए आगे पहुंचाई जाती थी।

बताया जा रहा है कि मुंबई के बांद्रा टर्मिनस पहुंचने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों का भी इस्तेमाल गुटखा पहुंचाने के लिए किया जाता था। गुटखे के पैकेट काले बैगों में छिपाकर बेडरोल रखने वाले स्टोरेज एरिया में रखे जाने का आरोप है। इसमें कुछ ठेकेदार कर्मचारियों और अन्य लोगों की कथित मिलीभगत की बात सामने आई है।

जिन ट्रेनों के नाम सामने आए हैं उनमें सूर्यनगरी एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल मेल, गरीब रथ एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, भावनगर एक्सप्रेस और हरिद्वार एक्सप्रेस शामिल हैं।

Leave a Comment