लालबाग में नाबालिग पोता-पोती के शरीर पर सिल्वर रंग लगाकर भीख मंगाने के आरोप में दादी के खिलाफ FIR दर्ज

 

मुंबई के लालबाग गणपति उत्सव में दो नाबालिग बच्चों के शरीर पर चांदी जैसा रंग (सिल्वर) लगाकर उनसे भिक्षा मंगवाने के आरोप में कालाचौकी पुलिस ने 65 वर्षीय महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला उस्मानाबाद जिले की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों बच्चे उसके पोते हैं और उनकी उम्र 12 व 13 वर्ष है।

पुलिस के मुताबिक कालाचौकी पुलिस थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी मोनाली वामनराव मोहोलकर की लालबागचा राजा गणपति उत्सव में 12 सितंबर से सुरक्षा ड्यूटी लगी थी। 21 सितंबर की रात करीब 1 बजे उन्होंने कालाचौकी के चोर गली इलाके में बाल गणेश मंडल के पास एक बुजुर्ग महिला को दो बच्चों के साथ देखा।

मोनाली मोहोलकर का आरोप है कि दोनों बच्चों के पूरे शरीर पर चांदी जैसा रंग लगाया गया था और उन्हें विशेष वेशभूषा पहनाई गई थी। महिला बच्चों की मदद से गणपति दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से पैसे मांग रही थी। इसके बाद मोनाली मोहोलकर महिला और दोनों बच्चों को पूछताछ के लिए कालाचौकी पुलिस थाने ले गई। पूछताछ में महिला की पहचान उस्मानाबाद जिले के भूम की निवासी के रूप में हुई। जांच में दोनों बच्चों को उसका पोता-पोती बताया।

मोनाली मोहोलकर ने महिला के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस (केयर एंड प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन) एक्ट की धारा 76(1) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 139(1) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।

Leave a Comment