मुंबई की वाकोला पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन छीनने के मामले में फिल्म एक्टर आशीष अट्टरचंद शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, आशीष शर्मा सांताक्रूज (पूर्व) का रहने वाला है। रविवार को सांताक्रूज इलाके में एक बुजुर्ग महिला के घर के अंदर घुसकर आशीष शर्मा ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली थी। वारदात वाली जगह घनी आबादी वाली चाल में होने के कारण पुलिस के सामने शुरुआती जांच में मुश्किलें आईं। घटनास्थल पर न तो सीसीटीवी कैमरे थे और न ही कोई प्रत्यक्षदर्शी मिला। हालांकि, शिकायतकर्ता की ओर से बताए गए आरोपी के हुलिए के आधार पर पुलिस ने आसपास की गलियों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
पुलिस उपनिरीक्षक सुशांतकुमार पाटिल के मुताबिक, वारदात के समय इलाके में भेष बदलकर संदिग्ध तरीके से घूमता एक व्यक्ति सीसीटीवी में नजर आया। पुलिस ने फुटेज से उसकी तस्वीर निकाली और स्थानीय मुखबिरों के बीच प्रसारित की।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने श्याम सुंदर चॉल में छापा मारकर आशीष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि लगातार आर्थिक परेशानियों के चलते आशीष शर्मा ने चोरी की वारदात को अंजाम देना शुरू किया था।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। बताया गया है कि शर्मा ने कुछ भोजपुरी फिल्मों में छोटी भूमिकाओं में भी काम किया है।
