महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित किंगपिन और लंबे समय से वांछित आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। दुबई से भारत लौटते ही उसे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर दबोच लिया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, अभिषेक कुमार महादेव बुक के जरिए कथित ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए के संचालन, पैनलों के समन्वय और रकम की वसूली में सक्रिय भूमिका निभाता था।
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से CBI को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली। इसके बाद आरोपी को रायपुर ले जाया गया और वहां की अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
CBI की अब तक की जांच में अभिषेक कुमार की भूमिका सट्टेबाजी से हासिल अवैध रकम को दुबई में अचल संपत्तियां खरीदने से भी जुड़ी सामने आई है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद की गई तलाशी में उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई। CBI का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह सामग्री महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में उसकी सक्रिय भूमिका की ओर इशारा करती है। CBI के अनुसार अभिषेक कुमार महादेव बेटिंग ऐप मामले के अन्य प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।
महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI के पास आने के बाद एजेंसी ने अब तक 100 आरोपियों के खिलाफ आठ चार्जशीट दाखिल की हैं। इनमें ऐप के मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ सरकार के कुछ लोक सेवक शामिल हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने अलग-अलग थानों में दर्ज इस मामले से जुड़ी 13 FIR CBI को ट्रांसफर की थीं।
CBI के मुताबिक, महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटरों को भारत लाकर मुकदमे का सामना कराने की कोशिश जारी है। अब तक सात रेड कॉर्नर नोटिस और दो प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्रवाई भी चल रही है।
