पुलिस उप निरीक्षक किशन भोईर
महाराष्ट्र के ठाणे शहर के चितलसर पुलिस स्टेशन में कार्यरत पुलिस उप निरीक्षक (PSI) किशन भोईर की 24 सितंबर 2026 की रात करीब 11:15 बजे गश्त के दौरान एक क्रिमिनल ने हत्या कर दी। आरोपी राजू प्रेमकुमार वाल्मीकि को पुलिस ने घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार PSI किसन भोईर अपने स्टाफ के साथ CRM मोबाइल के जरिए सुभाषनगर, पोखरण रोड नंबर-2 इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान एक पान स्टॉल के पास भीड़ दिखाई दी। किसन भोईर ने वाहन से उतरकर पान स्टॉल चालक को निर्धारित समय के भीतर दुकान बंद करने की समझाइश दी। इसी दौरान वहां राजू वाल्मिकी (30) हंगामा करता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे शांति बनाए रखने की समझाइश दी, लेकिन वह पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा और सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर पुलिस वाहन में बैठा दिया।
पुलिस के मुताबिक, वाहन में बैठाने के बाद राजू वाल्मिकी और अधिक आक्रामक हो गया। उसने PSI किसन भोईर के साथ धक्का-मुक्की की और उनके चेहरे पर मुक्का मारा। इसके बाद राजू वाल्मिकी वाहन से कूदकर पास में खड़ी सफेद बस के पीछे भागने लगा। किसन भोईर भी लाठी लेकर उसके पीछे दौड़े। इसी दौरान राजू वाल्मिकी ने उनके सिर पर सीमेंट की ईंट मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। पुलिस नाईक गंगाधर घुटे भी किसन भोईर के पीछे दौड़ रहे थे। उन्होंने देखा कि राजू वाल्मिकी ने सीमेंट की ईंट से उनके सिर पर हमला किया है और वे जमीन पर गिर गए हैं।
इसी दौरान उन्होंने आसपास देखा तो पुलिस हवलदार निलेश पवार और पुलिस सिपाही भोसले राजू वाल्मिकी का पीछा करते हुए पास की गली में जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस नाईक घुटे ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल किसन भोईर को रिक्शे में डालकर टायटन अस्पताल भेजा और CRM मोबाइल लेकर रिक्शे के पीछे अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद किसन भोईर को दाखिल करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने राजू वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ चितलसर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 103(1), 132, 121(1)(2), 115(2) और 351(2) के तहत FIR (गु.र.क्र. 307/26) दर्ज किया है। राजू वाल्मिकी (30) हाउसकीपिंग का काम करता है। वह गांधीनगर, पोखरण रोड नंबर-2, नेमिनाथ ज्वेलर्स के ऊपर, ठाणे में रहता है।
