शिवसेना नेता प्रदीप पूर्णेकर को गोली मारने वाला वड़ा-पाव की गाड़ी पर काम करते उन पर नज़र रखता था

प्रदीप पूर्णेकर

ठाणे के मानपाड़ा में उद्धव ठाकरे की शिवसेना के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में क्राइम ब्रांच की SIT ने शुक्रवार तड़के साढ़े चार बजे प्रदीप पूर्णेकर पर गोली चलाने वाले शूटर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी का नाम निखिल यादव है। इसके साथ ही पुलिस ने प्रदीप पूर्णेकर पर कोयते से हमला करने वाले आरोपी नितेश पवार को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को 8 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव ने मीडिया को बताया कि निखिल यादव वड़ापाव की गाड़ी पर काम करता था और वहीं से प्रदीप पूर्णेकर के कार्यालय की रेकी करता था। निखिल यादव और नितेश पवार दोनों आरोपी गोवा भागने की कोशिश में थे। इसी दौरान उन्हें मुंबई-गोवा हाईवे पर कर्नाला इलाके से गिरफ्तार किया गया। बुधवार को मीरा रोड इलाके से हिरासत में ली गईं दो महिलाओं से पूछताछ के दौरान ही निखिल यादव और नितेश पवार के बारे में जानकारी सामने आई थी। दोनों कर्नाला स्थित एक दूध डेयरी में छिपे हुए थे। डेयरी संचालक नितेश पवार की महिला मित्र के संपर्क में था।

निखिल यादव प्रदीप पूर्णेकर के निवास वाले मनोरमानगर इलाके में ही काम करता था। वह वहां एक वड़ापाव की गाड़ी पर काम करता था। वह प्रदीप पूर्णेकर पर नजर रख रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसी ने प्रदीप पूर्णेकर पर गोली चलाई, जबकि नितेश पवार ने कोयते से हमला किया।

नशे का आदी बताए जा रहे निखिल यादव को हथियार किसने उपलब्ध कराए और हथियार चलाने का प्रशिक्षण उसने किससे लिया, इसकी भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के पास से अब तक हथियार बरामद नहीं हुए हैं।

पुलिस ने प्रथम वर्ग न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रियंका पाटिल के समक्ष ये बातें रखते हुए जबरन वसूली विरोधी दस्ते के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शैलेश सालवी ने आरोपियों की पुलिस हिरासत की मांग की। पुलिस ने अदालत को बताया कि पप्या शिंदे ने कहा है कि हत्या का मूल कारण निखिल यादव और नितेश पवार को पता है। इसलिए तीनों आरोपियों से एक साथ पूछताछ करना जरूरी है।

Leave a Comment