सायन अस्पताल के डॉक्टर ने आत्महत्या की

डॉ. शिवचरण पाटिल

मुंबई के सायन अस्पताल में जनरल सर्जरी में MD कर रहे 28 वर्षीय प्रथम वर्ष के स्नातकोत्तर रेजिडेंट डॉक्टर शिवचरण अप्पा पाटिल ने आत्महत्या कर ली। उनका शव शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 की शाम 7.30 बजे हॉस्टल के बाथरूम में मिला। बताया जा रहा है कि डॉ. शिवचरण पाटिल ने काम के अत्यधिक बोझ और लंबे समय तक ड्यूटी करने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।

डॉ. शिवचरण पाटिल शनिवार शाम करीब सात बजे तक बाथरूम से बाहर नहीं निकले। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर उनके एक सहकर्मी ने दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सुरक्षा गार्डों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया। डॉ. शिवचरण पाटिल अंदर बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सायन पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है। डॉ. शिवचरण पाटिल मूलतः कर्नाटक के रहनेवाले थे।

डॉ. शिवचरण पाटिल ने खुद को एनेस्थीसिया की दवा का इंजेक्शन लगाया था। अस्पताल के डीन डॉ. प्रमोद इंगले के अनुसार बाथरूम में कमोड के पास प्रोपोफोल और फेंटानिल दवाओं की दो शीशियां मिली थीं। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

पुलिस के मुताबिक डॉ. शिवचरण पाटिल ने काम के अत्यधिक बोझ और लंबे समय तक काम करने से होने वाली थकान की शिकायत की थी। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का कहना है कि डॉक्टर को मुंबई और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के माहौल में खुद को ढालने में परेशानी हो रही थी।

Leave a Comment