ठाणे में शहर में एक दुकानदार का बड़बोलापन बहुत भारी पड़ गया। एक ग्राहक ने दुकान से 5 रुपये का क्रैकजैक बिस्कुट खरीदा, जो एक्सपायर्ड था। ग्राहक ने दुकानदार को बताया तो वह बोला- मैं FDA से नहीं डरता। शिकायत करना है तो कर दो। ग्राहक ने FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे से शिकायत कर दी। तुकाराम मुंढे ने त्वरित संज्ञान लेते हुए दुकान को सील करवा दिया।
डिजिटल कंटेंट क्रिएटर राघव दुबे ने ठाणे के ‘रामायण जनरल स्टोर’ से ‘क्रैकजैक’ बिस्कुट का एक पैकेट खरीदा। घर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि बिस्कुट के पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट पहले ही निकल चुकी थी। इस बात का पता चलने के बाद वह बिस्कुट बदलवाने या दुकानदार से जवाब मांगने के लिए दोबारा उसी दुकान पर पहुंचे।
हालांकि, महज 5 रुपये की इस छोटी-सी बात पर दुकानदार ने अपनी गलती सुधारने के बजाय उल्टा उनके साथ बदतमीजी की। राघव दुबे ने कहा कि यदि दुकानदार ठीक से जवाब नहीं देगा, तो वह उसके खिलाफ शिकायत करेंगे। इस पर दुकानदार ने बेहद अकड़कर जवाब दिया, “जा… जहां शिकायत करनी है, वहां कर दे। वह FDA से नहीं डरता।
दुकानदार की इस बदसलूकी से नाराज राघव दुबे ने वास्तव में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर दुकान के खिलाफ ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम उठाए। विभाग की टीम ने सीधे दुकान पर पहुंचकर नियमों के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई की और ‘रामायण जनरल स्टोर’ पर ताला लगा दिया।
आयुक्त तुकाराम मुंढे के FDA के कामकाज की कमान संभालने के बाद पिछले कुछ महीनों में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई होती दिखाई दे रही है। जून से अगस्त के बीच राज्य में 12 हजार से अधिक खाद्य पदार्थों की जांच की गई, 603 खाद्य लाइसेंस निलंबित किए गए और 875 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा, 5,269 सुधार नोटिस भी जारी किए गए।
इन कार्रवाइयों से आम लोगों में खाद्य पदार्थों में मिलावट को लेकर जागरूकता बढ़ती दिखाई दे रही है। इस दिशा में की जा रही कार्रवाई का ताजा उदाहरण इस वीडियो में देखने को मिल सकता है।
