महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों के उल्लंघन के मामले में मुंबई के तीन प्रमुख प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। इनमें वर्ली स्थित नेशनल स्पोर्ट्स क्लब ऑफ इंडिया (NSCI), लोअर परेल का ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी और प्रभादेवी स्थित क्रस्टो पिज्जा शामिल हैं। FDA की जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई से जुड़ी कई गंभीर खामियां पाई गईं।
वर्ली स्थित प्रतिष्ठित खेल एवं मनोरंजन क्लब NSCI की रसोई में निरीक्षकों को मक्खियां उड़ती हुई मिलीं, जबकि वॉश बेसिन के पास कॉकरोच पाए गए। स्टोर रूम में खाद्य पदार्थों का कचरा जमा था और खाना तैयार करने वाले स्थानों के पास खुले कूड़ेदान रखे हुए थे। इसके अलावा, खाद्य सामग्री को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी। बिना लेबल वाले कंटेनर रखे गए थे। दीवारों और छत से प्लास्टर के टुकड़े गिर रहे थे तथा रसोई में काम करने वाले कर्मचारी बिना दस्ताने पहने भोजन तैयार कर रहे थे।
लोअर परेल स्थित रेस्टोरेंट और बार ब्रिटिश ब्रूइंग कंपनी में जांच के दौरान आटे के भंडारण वाले बैग के अंदर जिंदा मक्खियां मिलीं। इसके अलावा, खाद्य पदार्थों के कचरे से जाम नाली के पास कई कॉकरोच पाए गए। खाद्य सामग्री के ऊपर और उसके सीधे संपर्क में कर्मचारियों के इस्तेमाल किए हुए कपड़े रखे मिले। जांच में जंग लगे बर्तन, चिकनाई से भरी रसोई की सतहें, फर्श की टूटी टाइलें और रेफ्रिजरेटर में बिना लेबल के रखे खाद्य पदार्थ भी पाए गए।
प्रभादेवी स्थित ‘क्रस्टो-चीज बर्स्ट पिज्जा बाय ओलियो’ में निरीक्षकों को वॉश बेसिन के पास खाद्य पदार्थों का कचरा जमा मिला और पानी भरा हुआ था। इस आउटलेट में कच्चे और पके हुए भोजन के साथ-साथ शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को भी उचित तरीके से अलग-अलग रखे बिना संग्रहित किया जा रहा था।
इन तीनों प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई FDA के 22 और 23 नवंबर 2026 को चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान का हिस्सा है। इस अभियान के दौरान मुंबई के छह और पुणे मंडल के 21 प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस निलंबित किए गए।
इसी बीच, मुंबई विश्वविद्यालय के फोर्ट परिसर में स्थित कैंटीन भी बिना फूड बिजनेस लाइसेंस के संचालित होती पाई गई। जांच में वहां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े कई अन्य नियमों का उल्लंघन भी सामने आया। इसके बाद FDA ने कैंटीन संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
