सिपाही शेष कुमार
पुलिस का एक सिपाही चोरी गयी भैंस खोजते-खोजते भैंस मालिक की पत्नी पर फ़िदा हो गया। दोनों में जल्दी ही अवैध सम्बन्ध बन गए। परिणाम : भैंस मालिक ने पुलिस चौकी से 100 मीटर की दूरी पर गूलर के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पूर्व भैंस मालिक ने गुमटी में लिख दिया कि उसकी मौत का ज़िम्मेदार सिपाही शेष कुमार है।
घटना उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के टड़ियावां थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव की है। रंजीत यादव (32) खेती और मजदूरी करता था। रंजीत यादव का पिता सुरेश यादव गांव में पुलिस चौकी के बाहर बैठकर फरियादियों का प्रार्थना पत्र लिखता था। रंजीत यादव भी कभी-कभी प्रार्थना पत्र लिखता था। एकदिन रंजीत यादव की भैंस चोरी हो गयी। रंजीत यादव ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी में की। भैंस खोजने की जिम्मेदारी सिपाही शेष कुमार को दी गयी।
सिपाही शेष कुमार भैंस खोजने रोज़ रंजीत यादव के घर जाने लगा। कुछ ही दिन में उसने रंजीत यादव की पत्नी रीता यादव से सम्बन्ध बना लिए। यह बात रंजीत यादव को पता चल गयी। 25 जुलाई 2025 को रंजीत यादव ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। रंजीत यादव ने शेष कुमार की शिकायत पुलिस स्टेशन में की तो उसे धक्का मारकर भगा दिया। इससे आहत रंजीत यादव ने 26 जुलाई 2025 को पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर गूलर के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पूर्व रंजीत यादव ने पास की एक गुमटी में लिख दिया था कि उसकी आत्महत्या का जिम्मेदार सिपाही शेष कुमार है।
रंजीत यादव के पिता सुरेश यादव की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज करते हुए सिपाही शेष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। रंजीत यादव की शादी 6 वर्ष पूर्व हुई थी और उसको प्रज्ञा और सलोनी नाम की दो बेटियां हैं।
