लालू यादव के सरकारी आवास पटना 10 सर्कुलर रोड पर रविवार को एक राजद नेता मदन शाह ने जमकर हंगामा किया। मधुबन विधानसभा से आरजेडी नेता मदन शाह 2020 में भी चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन इस बार, राजद से टिकट नहीं मिलने पर बौखला गए और लालू आवास के सामने मीडिया के कैमरे पर जमकर रोए। कुर्ता फाड़ लिया और सड़क पर लोटपोट तक हो गए। उन्होंने 2 करोड़ से अधिक कीमत में टिकट बेचने का आरोप लगाया।
हंगामा कर रहे राजद नेता मदन शाह का कहना है कि- “लालू प्रसाद यादव ने खुद मुझसे वादा किया था कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मुझे पार्टी से टिकट दिया जाएगा। मैंने पूरे क्षेत्र में पार्टी के लिए मेहनत की, लेकिन जब टिकट बंटवारा हुआ तो मेरा नाम सूची में नहीं था। इतना ही नहीं, आरजेडी नेता संजय यादव ने मुझसे ₹2.7 करोड़ की मांग की थी। जब मैंने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया, तो मेरा टिकट किसी और को दे दिया गया। यह मेरे साथ विश्वासघात है। मैं इस धोखे से बेहद आहत हूं। मदन शाह ने रोते-बिलखते हुए राजद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
हाल ही में जेडीयू से भी कई नेताओं का टिकट गया था। जिसके कुछ नेता बागी हो गए, तो कुछ रोने लगे थे। गोपालपुर विधानसभा से जेडीयू विधायक रहे फेमस नेता गोपाल मंडल का भी वीडियो वायरल हुआ था। उन्होंने नीतीश कुमार के आवास के सामने रो-रोकर और प्रदर्शन करके हंगामा किया था। उसके बाद निर्दलीय फॉर्म भरने पहुंचे, तब भी फूट-फूटकर रोए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जयकारे लगाए थे। इसके अलावा, अन्य कई नेताओं के वीडियो सामने आए थे। अब राजद के नेता का लालू आवास के बाहर हंगामा सामने आया है।
चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए शेड्यूल के मुताबिक, बिहार में 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में मतदान होगा। जिसमें पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरे फेज की वोटिंग 11 नवंबर को होंगी। पहले चरण में 121 सीटों पर और दूसरे चरण में 122 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव का परिणाम 14 नवंबर को सामने आएगा।
