राजस्थान के अजमेर में लगे पुष्कर पशु मेले में चंडीगढ़ से एक काला घोड़ा भी आया है। इस घोड़े की कीमत 15 करोड़ रुपए है। एक ग्राहक ने इस घोड़े की कीमत 9 करोड़ रुपये लगायी थी लेकिन मालिक 15 करोड़ रुपये में ही बेचने पर अड़ा हुआ है। इस घोड़े का नाम शाहबाज है और उसकी उम्र महज 2.5 साल है। उसके मालिक ने बताया कि ये घोड़ा तमाम शो जीत चुका है।
घोड़े के मालिक गैरी गिल ने मीडिया को बताया- शाहबाज ढाई साल का है और एक प्रतिष्ठित नस्ल का घोड़ा है। इसने अब तक 5-6 शो में जीत हासिल की है। पिछले साल पंजाब में तीन शो में यह पहले स्थान पर रहा। जहां भी यह गया, जीतकर ही लौटा। इसकी हाइट 65.5 इंच है, और इसकी कवरिंग फीस 2 लाख रुपये है।
उन्होंने आगे बताया, “कवरिंग फीस के बाद हम घोड़ी को चार चांस देते हैं, जिसमें कुल 8 जंप होते हैं। ज्यादातर घोड़ियां इन 8 जंप्स में कंसीव कर लेती हैं।” गैरी ने यह भी कहा कि इस बार मेले में वे करीब 40 जानवर लेकर आए हैं, लेकिन उनका मकसद हर बार कुछ नया और अलग पेश करना था। शाहबाज को इसीलिए चुना गया, क्योंकि यह पहले लाए गए जानवरों से अलग और अनोखा है।
गैरी गिल ने बताया कि शाहबाज को बेचने का अभी कोई इरादा नहीं है, लेकिन इसकी मांग 15 करोड़ रुपये रखी गई है। उन्होंने कहा, “हमें अब तक 9 करोड़ रुपये तक का ऑफर मिल चुका है। भविष्य में इसके बच्चे-बच्चियां यदि स्टैंड पर आ गए, तो हम विचार करेंगे कि इसका क्या करना है।
