मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में महज 250 रुपये के विवाद में एक पत्नी अपने पति से इस कदर नाराज हुई कि वह सीधे हाईटेंशन बिजली के टॉवर पर जा चढ़ी। कई घंटों तक चले इस ‘हाई वोल्टेज ड्रामे’ के कारण मेले में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दिलचस्प बात यह है कि सिंगरौली में ही ठीक एक दिन पहले जियावन थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक अपनी प्रेमिका से शादी करने की जिद पर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया था।
बता दें कि सिंगरौली जिले के झारा गांव में बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया गया था। शनिवार को पिपरखाड़ गांव की एक महिला अपने पति के साथ मेला घूमने आई थी। मेले में रंग-बिरंगे झूले देखकर महिला का मन भी झूला झूलने का हुआ। उसने अपने पति से साथ में झूला झूलने या फिर टिकट के लिए 250 रुपये देने की मांग की। जब पति ने पैसे देने या झूला झुलाने से इन्कार कर दिया तो दोनों के बीच बीच बाजार में ही कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर महिला पास ही स्थित एक ऊंचे हाईटेंशन बिजली के टॉवर पर चढ़ गई और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
टॉवर पर चढ़ी महिला को देख मेले में मौजूद लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंची सरई थाना पुलिस और प्रशासन की टीम ने महिला को नीचे उतारने के लिए काफी देर तक समझाइश दी, लेकिन महिला अपनी जिद पर अड़ी रही। लगभग 4 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित टॉवर से नीचे उतार लिया।
