मुंबई पुलिस की ट्रैफिक पुलिस ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी समेत 80 VIP व्यक्तियों के निजी वाहनों पर लगे अवैध बीकन (लाइट्स) और सायरन हटा दिए। इस कार्रवाई में कई जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों और VIP व्यक्तियों के रिश्तेदारों के निजी वाहन भी शामिल हैं।
मुंबई पुलिस की ट्रैफिक पुलिस ने 1 और 2 अप्रैल को पूरे शहर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने मंत्रालय, नरीमन प्वाइंट, मरीन ड्राइव और बांद्रा सहित कई स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। जिन वाहनों पर अवैध डोम लाइट्स या सायरन लगे पाए गए, उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी की निजी SUV गाड़ियों पर ‘पुलिस’ स्टिकर और नीले-लाल रंग की लाइट्स लगी हुई पाई गई थीं। पुलिस ने उन्हें तुरंत हटा दिया।
इस अभियान में 80 वाहनों से विभिन्न रंगों की अवैध डोम लाइट्स और तीन सायरन जब्त किए गए। इसके अलावा, इन वाहनों के चालक और मालिकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की गई।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निजी या अनधिकृत वाहन पर डोम लाइट्स या सायरन लगाना कानून का उल्लंघन है। आगे यदि किसी वाहन पर ऐसे लाइट्स या सायरन पाए गए तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा। गंभीर मामलों में संबंधित वाहन की रजिस्ट्रेशन रद्द करने की सिफारिश क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को भेजी जा सकती है।
सर्वोच्च न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करते हुए निजी वाहनों पर ‘पुलिस’, ‘प्रेस’ या अन्य सरकारी बोर्ड लगाकर चलने के मामलों में मोटर वाहन अधिनियम की धारा 177 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई है।
मुंबई पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध लाइट्स के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।
