साकिब नाचन
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने कत्थे की लकड़ी की स्मगलिंग मामले में आकिब नाचन को गिरफ्तार किया है। आकिब नाचन प्रतिबंधित आतंकी संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के सदस्य साकिब नाचन का बेटा है। आकिब नाचन को कोर्ट ने सोमवार तक ATS की कस्टडी में भेज दिया गया है।
पिछले साल दिसंबर माह में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के पड़घा गांव से संचालित ISIS मॉड्यूल से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई की थी। यह मॉड्यूल स्थानीय आरक्षित जंगलों से खैर (कत्थे) की लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी में शामिल था, जिससे आतंकी फंडिंग के लिए पैसे जुटाए जा रहे थे।
11 दिसंबर 2025 को ED ने बोरीवली-पड़घा के साथ-साथ दिल्ली, कोलकाता, हजारीबाग (झारखंड) और प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) समेत कई स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान एजेंसी ने करीब 3.70 करोड़ रुपये नकद और लगभग 6 करोड़ रुपये की सोने के आभूषण व बुलियन जब्त किए थे।
NIA भी समय-समय पर यहां छापेमारी करती रहती है। NIA को मालूम पड़ा था कि आतंकवादी संगठन ISIS के बोरीवली-पड़घा मॉड्यूल से जुड़े कई लोग कत्थे की लकड़ी की अवैध कटाई और तस्करी में शामिल थे। इनमें से आकिब नाचन खुद को टिम्बर मर्चेंट बताता था और उसकी आड़ में कत्थे की लकड़ी की कटाई और तस्करी करता था। महाराष्ट्र एंटी टेरर स्क्वाड (ATS) के सूत्रों ने बताया कि आकिब नाचन को कत्थे की लकड़ी की स्मगलिंग के पैसे मिले हैं।
इस लकड़ी से ‘कत्था’ तैयार किया जाता है, जिसका इस्तेमाल पान और आयुर्वेदिक दवाओं में होता है। छापेमारी के दौरान बरामद कुछ लकड़ी को वन विभाग को सौंप दिया गया था।
आतंकवादी संगठन ISIS के स्वयंभू सरगना साकिब नाचन की 28 जून 2025 को तिहाड़ जेल में मौत हो चुकी है।
