मराठी भाषी महापौर की मांग करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज

डिंपल मेहता

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा-भायंदर महानगरपालिका (MBMC) में मराठी भाषी महापौर की मांग करने वालों के खिलाफ भायंदर पुलिस ने FIR दर्ज की है। पुलिस ने मराठी एकीकरण समिति के कार्यकर्ताओं को कानूनी नोटिस भी जारी की है।

यह विवाद इसी साल जनवरी में हुए MBMC चुनावों से उपजा है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भारी जीत हासिल की थी। जीत के बाद पार्टी ने डिंपल मेहता को महापौर पद के लिए नामित किया। मराठी एकीकरण समिति ने इसका ही विरोध किया।

3 फरवरी को महापौर चुनाव प्रक्रिया के दौरान समिति ने विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया। कानून-व्यवस्था की चिंता के चलते पुलिस ने अनुमति देने से इन्कार कर दिया था, इसके बावजूद प्रदर्शनकारी भायंदर (पश्चिम) के सुभाष चंद्र बोस मैदान के पास एकत्र हो गए।

प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी और सांस्कृतिक तरीकों से भाजपा के फैसले के खिलाफ विरोध जताया और नगर निगम मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की। पुलिस ने समिति के पदाधिकारियों—गोवर्धन देशमुख, कृष्णा जाधव, प्रमोद पोर्टे, हेमेंद्र भोईर सहित अन्य के खिलाफ भायंदर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया है। उनके खिलाफ निषेधाज्ञा (धारा 144) का उल्लंघन, समाज में तनाव पैदा करने और सरकारी आदेशों का पालन न करने के आरोप लगाए गए हैं।

Leave a Comment