बांद्रा पुलिस ने सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की आपत्तिजनक तस्वीरें अपलोड करने के आरोप में दिल्ली के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी का नाम आर्यन दीपक जैन है। वह दिल्ली के शहादरा (जगतपुरी पुलिस स्टेशन की हद) का रहनेवाला है।
आरोप है कि आर्यन दीपक जैन ने सोनाक्षी सिन्हा की एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड की थीं। इन तस्वीरों को देखने के बाद सोनाक्षी सिन्हा हैरान रह गईं और उन्होंने बांद्रा पुलिस से संपर्क किया। 13 नवंबर 2026 को की अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि एक विशेष सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उनकी तस्वीरें अपलोड की गई हैं।
सोनाक्षी सिन्हा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की। आर्यन दीपक जैन का पता लगाने के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस को पता चला कि आर्यन दीपक जैन दिल्ली में मौजूद है।
इसके बाद बांद्रा पुलिस की एक टीम 14 नवम्बर 2026 को दिल्ली पहुंची और आर्यन दीपक जैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि तस्वीरों को एडिट करने के लिए किस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया था, इस हरकत के पीछे आर्यन दीपक जैन की क्या मंशा थी और उसने सोनाक्षी सिन्हा की मूल तस्वीरें किन वेबसाइटों से हासिल की थीं।
बांद्रा पुलिस ने आर्यन दीपक जैन को बांद्रा कोर्ट में पेश कर उसकी तीन दिन की कस्टडी मांगी थी। पुलिस का कहना था कि उन्हें उस माध्यम या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का पता लगाना है, जिसके जरिए एक्ट्रेस की कथित अश्लील तस्वीर तैयार की गई थी। इसके अलावा मामले में आगे की जांच भी करनी है।
आर्यन दीपक जैन की तरफ से पेश हुए वकील अमन शाही, प्रशांत त्रिवेदी और आदित्य जैन ने पुलिस कस्टडी की मांग का कड़ा विरोध किया। वकीलों ने दलील दी कि आरोपी को गिरफ्तारी से पहले जरूरी नोटिस नहीं दिया गया और न ही उसे गिरफ्तारी की वजह बताई गई। उन्होंने ये भी कहा कि आरोपी को बेहद गोपनीय तरीके से फ्लाइट के जरिए दिल्ली की सीमा से बाहर ले जाया गया। वकीलों ने कोर्ट में कहा, आरोपी को दिल्ली की स्थानीय मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश नहीं किया गया, जबकि कानून के मुताबिक ऐसा करना जरूरी है। शिकायतकर्ता के प्रभावशाली होने की वजह से अधिकारियों ने जल्दबाजी में ये कार्रवाई की। आरोपी का कहना है कि उसने कोई अपराध नहीं किया है और पहली नजर में इस मामले के तथ्यों पर लगाई गई धाराएं भी लागू नहीं होती हैं। बांद्रा कोर्ट ने उसे उसी दिन रिहा कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आर्यन दीपक जैन का मनोवैज्ञानिक उपचार चल रहा था।
