दिवंगत अभिनेत्री निम्मी की संपत्ति हड़पने के आरोप में केयरटेकर असरार इकबाल शेख पर FIR दर्ज

नवाब बानो निमी अली रजा उर्फ निम्मी

अपने जमाने की मशहूर अभिनेत्री नवाब बानो निमी अली रजा उर्फ निम्मी के निधन के छह साल से अधिक समय बाद मुंबई पुलिस ने उनकी देखभाल करने वाले केयरटेकर असरार इकबाल शेख के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि असरार शेख निम्मी की संपत्ति का गबन किया और उनके गोद लिए बेटे के परिवार को धोखा दिया। गोद लिया बेटा और उसका परिवार निम्मी के कानूनी वारिस हैं।

सांताक्रूज पुलिस द्वारा 11 नवंबर 2026 को दर्ज की गई FIR के मुताबिक, असरार शेख 2003 से मार्च 2020 में निम्मी के निधन तक उनके यहां काम करता था। आरोप है कि उसने निम्मी के जुहू स्थित दो फ्लैट, करीब दो करोड़ रुपये की दो फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) और कुछ आभूषणों का गबन कर लिया। उस समय निम्मी की वसीयत को कानूनी मान्यता देने का मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित था। FIR में यह भी कहा गया है कि असरार शेख ने संपत्ति को निम्मी के वारिस के साथ बराबर बांटने के प्रस्ताव को ठुकरा दिया और वारिस के पावर ऑफ अटॉर्नी धारक मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी को धमकी भी दी।

सांताक्रूज़ पुलिस ने असरार शेख के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 404 (मृत व्यक्ति की संपत्ति का बेईमानी से गबन), 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी), 465 (जालसाजी), 467 (वसीयत या मूल्यवान दस्तावेजों की जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी) और 471 (जाली दस्तावेज को असली बताकर इस्तेमाल करना) के तहत FIR दर्ज की है।

इस मामले में शिकायतकर्ता मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी निम्मी के भतीजे हैं और गिरगांव में दोपहिया वाहनों का गैरेज चलाते हैं। उनके दादा जीएम दुर्रानी बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक थे। आजादी के बाद उनका परिवार मुंबई में बस गया था। कुछ साल बाद उनकी दादी की बहन वहीदान बी भी अपनी बेटी नवाब बानो उर्फ निम्मी के साथ मुंबई आ गईं। निम्मी की फिल्मों में काम करने की गहरी इच्छा थी।

निम्मी ने वर्ष 1949 में आई फिल्म ‘बरसात’ में छोटी-सी भूमिका से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह अपने दौर की शीर्ष अभिनेत्रियों में शुमार हो गईं। उन्होंने देव आनंद, राज कपूर और दिलीप कुमार जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। बाद में उन्होंने मशहूर पटकथा लेखक अली रजा से शादी की। वर्ष 2003 में इस दंपति ने सांताक्रूज पश्चिम के जुहू तारा रोड स्थित नेहा अपार्टमेंट में दो फ्लैट खरीदे थे। दोनों फ्लैट निम्मी के नाम पर रजिस्टर्ड थे। इसी साल दंपति ने असरार इकबाल शेख को घरेलू सहायक के तौर पर नौकरी पर रखा था।

सांताक्रूज पुलिस को वर्ष 2020 में दी गई शिकायत में मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने बताया कि 1 नवंबर 2007 को अली रजा के निधन के बाद उनकी मौसी निम्मी जुहू स्थित दोनों फ्लैटों में अकेली रहती थीं। उम्र अधिक होने और लगातार इलाज की जरूरत के चलते उन्होंने असरार शेख के साथ संयुक्त बैंक खाते खुलवाए थे। इन खातों का संचालन ‘ईदर ऑर सर्वाइवर’ (Either or Survivor) के आधार पर होता था। इसके चलते निम्मी के निधन तक उनके सभी वित्तीय लेन-देन असरार ही संभालता था। 25 मार्च 2020 को कोविड-19 के कारण निम्मी का निधन हो गया था।

मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी के मुताबिक, निधन से पहले निम्मी ने एक वसीयत तैयार की थी, जिसे कानूनी मान्यता देने का मामला बॉम्बे हाईकोर्ट में लंबित है। इस वसीयत में असरार शेख भी गवाहों में से एक था। वसीयत के अनुसार, निम्मी ने अपनी संपत्ति, जिसमें 1.23 करोड़ और 54 लाख रुपये की दो एफडी, जुहू के दोनों फ्लैट और कुछ आभूषण शामिल थे, अपने गोद लिए बेटे अली सैयद परवेज के नाम किए थे। परवेज, उनकी बहन शहाब बानो के जैविक बेटे थे। वसीयत में यह भी प्रावधान था कि परवेज के निधन के बाद यह संपत्ति उनकी पत्नी और बच्चों को मिलेगी।

ब्रिटेन में रहने वाले परवेज का भी 28 दिसंबर 2020 को कोविड-19 के कारण निधन हो गया। आरोप है कि इसके बाद असरार शेख ने निम्मी की संपत्ति परवेज की पत्नी सलमा नेकी परवीन को सौंपने के बजाय हड़प ली। सलमा अपने बच्चों के साथ ब्रिटेन में रहती थीं। संपत्ति विवाद को लेकर बार-बार भारत आना उनके लिए संभव नहीं था। इसलिए उन्होंने इस पूरे मामले की जिम्मेदारी मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी को सौंप दी। इसके लिए उनके नाम पावर ऑफ अटॉर्नी भी तैयार की गई। इसके बाद मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने सांताक्रूज पुलिस में FIR दर्ज कराई।

FIR के मुताबिक, वर्ष 2020 में शिकायत दर्ज होने के बाद असरार शेख ने मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी से संपर्क किया और समझौते का प्रस्ताव रखा। उसने सुझाव दिया कि संपत्ति बेचकर मिलने वाली रकम दोनों के बीच बराबर बांट ली जाए। हालांकि, मोहम्मद यूनुस सलीम दुर्रानी ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। आरोप है कि इसके बाद असरार शेख ने उन्हें धमकाया और दबाव बनाने की कोशिश की।

Leave a Comment