कल्याण में पुलिस ने 107 किलो गांजा किया ज़ब्त, 3 गिरफ्तार

 

ठाणे पुलिस के परिमंडल -3 (कल्याण) की एंटी-नारकोटिक्स सेल (ANC) ने 4 मई को 107 किलो से अधिक गांजा जब्त किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए मादक पदार्थ और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग 21.91 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे ने मंगलवार को मीडिया को बताया नियमित गश्त के दौरान पुलिस की एक विशेष टीम ने दोपहर करीब 2 बजे खडकपाड़ा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में वाडा घर डंपिंग ग्राउंड के पास एक सार्वजनिक सड़क पर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को खड़े होकर बातचीत करते देखा। तीनों के पास हरे और सफेद रंग के बोरे थे, जिससे पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस टीम उनसे पूछताछ के लिए आगे बढ़ी तो संदिग्ध मौके से भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि सतर्क पुलिसकर्मियों ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पंच गवाहों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान 107 किलो 50 ग्राम गांजा, 10,500 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वसीम नुरुज़ामा खान उर्फ पिला (36), निवासी भिवंडी; दिनेश कुमार संजीवन सरोज (30), निवासी ठाणे; और मोहित मेवालाल वर्मा (27), निवासी मुलुंड के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों में शामिल रहे हैं, जिससे एक बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।

आरोपियों के खिलाफ खडकपाड़ा पुलिस स्टेशन में NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से आगे की जांच के लिए 9 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Comment