खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) अधिकारी बनकर स्थानीय देशी शराब की दुकान के संचालक से जबरन वसूली करने और उसे धमकाने के आरोप में पालघर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपी लाइसेंस निरीक्षण के बहाने दुकान पर पहुंचे थे।
दोनों आरोपी पालघर स्थित देशी शराब की दुकान में यह दावा करते हुए घुसे कि वे आधिकारिक परमिट की जांच करने आए हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने एनर्जी ड्रिंक के दो कैन लिए और बिना भुगतान किए वहां से जाने की कोशिश की।
जब दुकान संचालक और पास के होटल मालिक को उन पर संदेह हुआ और उन्होंने आरोपियों से उनके सरकारी पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो दोनों कथित तौर पर आक्रामक हो गए। उन्होंने दोनों व्यवसायियों के साथ हाथापाई की और उन्हें धमकाया। हालांकि, मौके पर स्थानीय लोगों का दबाव बढ़ने के बाद दोनों फर्जी अधिकारी होने की बात स्वीकार कर ली और बताया कि उनका FDA से कोई संबंध नहीं है।
दुकान मालिक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पालघर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
