आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति के बेटे की जन्मदिन पार्टी में शामिल होना पुणे पुलिस के तीन कर्मचारियों को भारी पड़ गया। पार्टी के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हुई जांच में तीनों की मौजूदगी सामने आई, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
निलंबित पुलिसकर्मियों में फरासखाना पुलिस स्टेशन के शुभम विजय सुर्वे और पुणे ट्रैफिक शाखा के योगेश भगवान एक्शिंगे व अभिजीत अनिल शिंदे शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक 2 जुलाई 2026 को ऐसे व्यक्ति के बेटे की बर्थडे पार्टी आयोजित की गई थी, जिसके खिलाफ PITA एक्ट के तहत मामला दर्ज है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी है। आरोप है कि तीनों पुलिसकर्मी पार्टी में शामिल हुए थे।
वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की विभागीय जांच कराई। 20 जुलाई को जांच रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय पाटिल ने तीनों को निलंबित करने का आदेश जारी किया।
आदेश में कहा गया कि पुलिसकर्मियों का यह आचरण अनुशासनहीनता और गैर-जिम्मेदारी दर्शाता है तथा इससे पुलिस विभाग की छवि प्रभावित हो सकती है। निलंबन के दौरान तीनों को रोजाना शिवाजीनगर पुलिस मुख्यालय में रिजर्व पुलिस निरीक्षक के कार्यालय में हाजिरी लगानी होगी। बिना अनुमति पुणे छोड़ने पर भी रोक रहेगी।
