महाराष्ट्र की पहली प्रीपेड ऑटो सेवा ठाणे से शुरू, ऑटो-रिक्शा चालकों और यात्रियों के बीच किराये का विवाद खत्म होगा

 

स्वर्गीय वसंतराव डावखरे ऑटो-टैक्सी ड्राइवर-ओनर्स फेडरेशन, ठाणे और क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO), ठाणे के संयुक्त प्रयास से ऑटो-रिक्शा चालकों और यात्रियों के बीच किराये को लेकर होने वाले विवादों को खत्म करने, यात्रियों की कतारों को व्यवस्थित करने और पारदर्शी किराया व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र की पहली प्रीपेड ऑटो-रिक्शा सेवा ठाणे रेलवे स्टेशन पर शुरू की गई है।

बताया गया कि ठाणे रेलवे स्टेशन पर बेतरतीब रिक्शा कतार, किराये को लेकर असमंजस और यात्रियों व चालकों के बीच होने वाले विवाद को दूर करने के लिए करीब दो वर्षों से प्रयास किए जा रहे थे।

महाराष्ट्र में पहले से प्रीपेड रिक्शा व्यवस्था का कोई तैयार मॉडल नहीं होने के कारण इस योजना को लागू करने में प्रशासनिक और तकनीकी चुनौतियां भी सामने आईं। चालकों की रोजाना नकदी की जरूरत को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए गए।

उद्घाटन समारोह में विधान परिषद सदस्य एडवोकेट निरंजन डावखरे, ठाणे शहर के विधायक संजय केलकर, ठाणे RTO के अधिकारी, रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष मारुति सावंत, यूनियन पदाधिकारी, महिला प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा चालक मौजूद रहे। भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के जन्मदिन समारोह के अवसर पर भी किया गया। एडवोकेट निरंजन डावखरे ने कहा कि दिनभर की शिफ्ट पूरी होने के बाद चालक की पूरी कमाई सीधे उसके बैंक खाते में जमा होगी। उनके मुताबिक, यह स्वचालित वित्तीय व्यवस्था चालकों और उनके परिवारों को आर्थिक स्थिरता देने में मदद करेगी।

निरंजन डावखरे ने इस सुविधा को जल्द शुरू करने के लिए महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का आभार जताया। इस सेवा के तकनीकी और प्रबंधन साझेदार Cityflo को संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। Cityflo के तकनीकी प्लेटफॉर्म के जरिए किराये की गणना एक समान तरीके से होगी। यात्री यात्रा शुरू करने से पहले ही किराये की पूरी जानकारी देख सकेंगे, जिससे यात्रा के दौरान किराये को लेकर होने वाले विवाद और अनिश्चितता कम होगी।

Leave a Comment