दक्षिण मुंबई के डॉ. डी. बी. मार्ग पुलिस थाने की सीमा में कैनेडी ब्रिज के नीचे, क्वीन मैरी स्कूल के पास, ग्रांट रोड, मुंबई से MTNL की टेली कम्युनिकेशन कॉपर वायर चोरी होने की FIR दर्ज की गयी थी। इस बाबत 6 अक्टूबर 2026 को अपराध क्रमांक 1375/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ई), 336(2), 3(5) तथा सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम, 1984 की धारा 3(2)(ई) के अंतर्गत FIR दर्ज की गई थी।
पुलिस ने बताया चोरी की गई 12 मीटर लंबी कॉपर वायर की कीमत करीब 30,000 रुपये है। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने इस तरह की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पता लगाया। इसके बाद नागपाड़ा, बांद्रा और बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) से गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम- मोहम्मद एजाज मोहम्मद ईसा हज्जाम (39), मोहम्मद शोएब अहमद शेख (51), शाह आलम अब्दुल राशिद शेख (26), रमजान रफीक खान (26) और आजम फक्रुद्दीन कुरैशी (34) हैं। इन आरोपियों के खिलाफ अन्य पुलिस थानों में भी इसी तरह के मामले दर्ज हैं।
जांच के दौरान आरोपियों के पास से चोरी के इस मामले में इस्तेमाल की गई करीब 30,000 रुपये कीमत की 12 मीटर लंबी कॉपर वायर बरामद की गई है।
