खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अधिकारी बनकर पान की दुकानों और किराना व्यापारियों को गुटखा बेचने के आरोप में कार्रवाई की धमकी देकर उनसे जबरन वसूली करने वाले छह लोगों को एपीएमसी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.66 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत शिंदे, सत्येंद्र रस्तोगी, अथर्व भोसले, प्रथमेश गायकवाड़, अंकुश पवार और उमेश कोडग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ‘फूड एंड ड्रग्स कंज्यूमर वेलफेयर कमेटी’ के फर्जी पहचान पत्र बनवा रखे थे। इन्हीं के जरिए वे खुद को FDA अधिकारी बताकर लोगों को ठगते थे।
आरोप है कि गिरोह के सदस्य गुटखा बेचने वाली पान की दुकानों और किराना स्टोर की पहचान करते थे। इसके बाद दुकानों या उनके मालिकों के घरों पर छापेमारी का नाटक करते थे। गुटखा बेचने के आरोप में आपराधिक कार्रवाई करने की धमकी देकर वे दुकानदारों से मामला रफा-दफा करने के बदले मोटी रकम मांगते थे।
गिरोह की इस कथित करतूत का खुलासा तब हुआ, जब उसने 4 नवंबर को वाशी के कोपरी गांव में रहने वाले किराना दुकानदार अभिलाष पांडे (35) को निशाना बनाया। शाम के समय आरोपी उसकी दुकान पर पहुंचे और खुद को FDA अधिकारी बताते हुए गुटखा बिक्री की शिकायत मिलने का हवाला देकर छापेमारी का नाटक किया। इसके बाद उन्होंने उसके घर की तलाशी लेने का भी दिखावा किया।
आरोपियों ने अभिलाष पांडे को जबरन सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा कार में बैठा लिया और उसे लेकर कोपरखैरने तथा घणसोली इलाके में घूमते रहे। इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही, गुटखा बिक्री के मामले में गिरफ्तार करने की धमकी देकर कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए 4 लाख रुपये की मांग की गई।
आरोपियों के दबाव में आकर अभिलाष पांडे ने अपने मोबाइल फोन से अलग-अलग किस्तों में विभिन्न UPI खातों में 1.86 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों में से एक उसके घर पहुंचा और उसकी पत्नी को धमकाकर 80 हजार रुपये नकद भी वसूल लिए।
परिवार ने डर के कारण शुरुआत में पुलिस से शिकायत नहीं की। हालांकि, बाद में जब अभिलाष पांडे को पता चला कि वसूली करने वाले लोग FDA के अधिकारी नहीं हैं, तो उसने 13 नवंबर को एपीएमसी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने उन बैंक खातों की पड़ताल की, जिनमें रकम ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने 2.66 लाख रुपये की पूरी रकम बरामद कर ली है। आरोपियों की पृष्ठभूमि भी अलग-अलग है। इनमें ऑटो रिक्शा चालक, टैटू आर्टिस्ट, पेट्रोल पंप कर्मचारी, कॉल सेंटर कर्मचारी और बस चालक शामिल हैं।
