अस्मिता मिश्रा ‘हत्याकांड’ : भाग-4
‘मुंबई के उत्तर भारतीय ठग और उत्तर भारतीय भौकाल’ की कहानी के इस चौथे भाग में पढ़िए कि किस तरह मनीष अवधनारायण मिश्रा ने अमर दिवाकर मिश्रा के सामने अपने परिवार की अमीरी का ऐसा रौब गांठा कि दहेज में चांदी के सात डिनर सेट की मांग कर डाली। इतना ही नहीं, उसकी शर्त थी कि प्रत्येक डिनर सेट में 14 इंच वाली थाली होनी चाहिए, क्योंकि उसके मुताबिक उसका पूरा परिवार 14 इंच वाली चांदी की थाली में खाना खाता है।
मनीष मिश्रा ने अमर मिश्रा को बताया कि उसके परिवार में चांदी के डिनर सेट में खाना खाने का चलन है। इसलिए दहेज में उसे चांदी के ही सात डिनर सेट चाहिए। उसने यह भी स्पष्ट किया कि ये डिनर सेट मीरा रोड स्थित ‘अम्बे माताजी गोल्ड’ ज्वेलर्स से ही खरीदे जाने चाहिए। अमर मिश्रा ने इस पर सवाल किया कि जब मनीष मिश्रा जुहू सर्कल में रहता है तो डिनर सेट मीरा रोड के ज्वेलर्स से ही क्यों खरीदने हैं? इस पर मनीष ने अपनी सफाई में बताया कि उक्त ज्वेलर्स की दुकान पहले जुहू में ही थी, लेकिन किसी कारणवश उसकी बिल्डिंग टूट गई, जिसके बाद दुकान मीरा रोड स्थानांतरित हो गई। उसने यह भी बताया कि जिस बिल्डिंग में ज्वेलर्स की दुकान है, उसी में फ्लैट भी है। मनीष मिश्रा के मुताबिक, दूसरे ज्वेलर्स मिलावट करते हैं और उसे किसी अन्य ज्वेलर्स पर भरोसा नहीं है।
अमर मिश्रा अपने पारिवारिक मित्र पवन कुमार शुक्ला और संतोष होलम्ब के साथ मीरा रोड स्थित ‘अम्बे माताजी गोल्ड’ ज्वेलर्स पहुंचे। वहां ज्वेलर्स संजय जैन ने उन्हें डिनर सेट का एक सैंपल दिखाया। इस सेट में एक थाली, तीन कटोरी, एक ग्लास और एक चम्मच समेत कुल सात आइटम थे। इसका वजन करीब सवा किलो और कीमत लगभग सवा लाख रुपये थी।
डिनर सेट की थाली 13 इंच की थी। लेकिन मनीष मिश्रा को यह मंजूर नहीं था। उसने साफ कह दिया कि उसे 14 इंच की थाली ही चाहिए। ज्वेलर्स संजय जैन ने समझाने की कोशिश की कि 13 इंच की थाली पर्याप्त है और 14 इंच की थाली देखने में भद्दी लगेगी। इसके बावजूद मनीष अपनी मांग पर अड़ा रहा। उसका कहना था कि वह अभी भी 14 इंच की मोटी थाली में ही खाना खाता है, इसलिए उसे इससे छोटी थाली नहीं चाहिए।
मनीष मिश्रा ने ऐसे सात डिनर सेट की मांग रखी। उसका तर्क था कि परिवार में सात सदस्य हैं और सभी के लिए एक-एक सेट होना चाहिए। इस पर पवन कुमार शुक्ला ने उसे याद दिलाया कि उसकी मां तो उसके साथ नहीं रहती हैं। मनीष मिश्रा का जवाब था कि मां उसके साथ नहीं रहतीं, लेकिन उनके लिए भी एक अलग डिनर सेट चाहिए।
सोने की सुपारी, चांदी की थाल और 15 लाख 51 हजार रुपये नकद
सात चांदी के डिनर सेट के अलावा अमर मिश्रा ने दहेज में साढ़े तीन किलो वजन की चांदी की एक थाल, आधा किलो वजन का चांदी का एक लोटा, 200 ग्राम वजन का चांदी का एक नारियल और सोने की चार सुपारियां भी दीं। इन सभी सामानों की कीमत करीब आठ लाख रुपये थी। दामाद अभय मिश्रा को सोने की चेन, सोने की अंगूठी, सोने का ब्रेसलेट और एक घड़ी दी। इसके अलावा मनीष मिश्रा को सोने की एक अंगूठी और उसकी मां को भी सोने की एक अंगूठी दी।
अमर मिश्रा ने 14 जुलाई 2021 को जुहू स्थित पांच सितारा होटल जे. डब्ल्यू. मैरियट में रिंग सेरेमनी का आयोजन किया। इस समारोह पर करीब आठ लाख रुपये खर्च हुए। अमर मिश्रा ने ABI (abinewz.com) को बताया कि रिंग सेरेमनी और जुहू के इस्कॉन मंदिर में शादी के आयोजन को मिलाकर उनका कुल खर्च लगभग एक करोड़ रुपये आया था। शगुन (दहेज) में उन्होंने 15 लाख 51 हजार रुपये नकद दिए थे।
मनीष मिश्रा उवाच!
मनीष मिश्रा ने अमर मिश्रा के सामने अपनी हैसियत और रसूख का बयान इस प्रकार किया- 1. वह वकील है। 2. वह फाइनेंशियल एडवाइजर है। 3. वह डायमंड कारोबारी है। 4. वह फिल्म प्रोड्यूसर है। 5. उसका पीए अनिल सरोदे पत्रकार जे. डे. का शूटर है। 6. वह जे. डे. शूटआउट पर फिल्म बना रहा है। 7. उसके पिता बाहुबली थे। 8. हाजी मस्तान रोज उसके पिता से मिलने आता था। 9. उसके पिता इतने बड़े एक्टर थे कि वे कुर्सी पर बैठते थे और अमिताभ बच्चन जमीन पर बैठते थे। 10. वह नेपाल के कैसीनो से सस्ते दाम पर डायमंड लाकर मुंबई में महंगे दामों पर बेचता है। 11. जुहू सर्कल पर उसका अपना बंगला है। 12. उसके पास मर्सिडीज कार है। 13. पनवेल में उसकी 300 एकड़ जमीन है। 14. उसके पास 200 करोड़ रुपये की पेंटिंग है। 15. उसके पास 50 करोड़ रुपये कीमत के दो डायमंड पीस हैं। 16. कई शिक्षण संस्थाओं के मालिक लल्लन तिवारी के सामने उसकी कोई हैसियत नहीं है, यानी वे उसके सामने पानी कम चाय हैं। 17. कल्याण के अग्रवाल कॉलेज के ट्रस्टी विजय पंडित और ओमप्रकाश पांडेय ‘मुन्ना’ को वह बेवकूफ समझता है। मनीष मिश्रा ने विजय पंडित और ओमप्रकाश पांडेय ‘मुन्ना’ के सामने भी अपनी संपन्नता और रसूख का ऐसा भौकाल बनाया था कि जब अमर मिश्रा ने उनसे मनीष मिश्रा की आर्थिक स्थिति के बारे में पूछा तो दोनों ने उसे बताया कि मनीष मिश्रा पैसे के मामले में बहुत साउंड है।
हैरानी की बात यह है कि इतनी संपत्ति, कारोबार और रसूख के दावे करने वाला मनीष मिश्रा बाद में अपनी ‘भइयागीरी वाली औकात’ पर उतर आया। एक बार उसने अमर मिश्रा के सामने प्रस्ताव रखा कि सभी लोग मिलकर एक कंपनी शुरू करते हैं। यह कंपनी प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, ड्राइवर, सिक्योरिटी गार्ड और कामवाली बाई जैसी घरेलू व अन्य सेवाओं के लिए कर्मचारी उपलब्ध कराएगी। इस प्रस्ताव के नाम पर उसने अमर मिश्रा, पवन कुमार शुक्ला और संतोष होलम्ब समेत अन्य लोगों से 15-15 हजार रुपये ले लिए। लेकिन मनीष मिश्रा ने आजतक कोई कंपनी शुरू नहीं की।
संदर्भ : मनीष मिश्रा के बेटे अभय मिश्रा और अमर मिश्रा की बेटी अस्मिता मिश्रा की शादी 20 नवंबर 2021 को जुहू स्थित इस्कॉन मंदिर में हुई थी। इसके करीब डेढ़ साल बाद, 24 फरवरी 2023 को अस्मिता मिश्रा की अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अमर मिश्रा का आरोप है कि मनीष मिश्रा और उसके परिवार ने अस्मिता मिश्रा की हत्या की। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की मुंबई इकाई इस मामले की जांच कर रही है।
मुंबई के ‘उत्तर भारतीय ठग और उत्तर भारतीय भौकाल’ की कहानी जारी है…
