महाराष्ट्र में मध्य रेलवे के ठाणे और मुलुंड रेलवे स्टेशन के बीच प्रस्तावित नए स्टेशन के लिए शिवसेना के संसदीय दल के नेता सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे और सांसद नरेश म्हस्के ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से 250 करोड़ रुपये का फंड उपलब्ध कराने की मांग की थी। इस पर अश्विनी वैष्णव ने फंड को मंजूरी दे दी है। अब इस स्टेशन का नाम ‘धर्मवीर आनंद दिघे स्टेशन’ रखने की मांग सोमवार को संसद में ठाणे लोकसभा क्षेत्र के सांसद नरेश म्हस्के ने शिवसेना के मुख्य नेता और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से की।
ठाणे रेलवे स्टेशन पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए ठाणे और मुलुंड के बीच नया स्टेशन बनाया जा रहा है। कुछ समय से यह काम धीमी गति से चल रहा था, लेकिन अब इसके लिए 250 करोड़ रुपये का फंड रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंजूर कर दिया है। इसके लिए संसद में सांसद नरेश म्हस्के ने ठाणे के नागरिकों की ओर से उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त किया और नए स्टेशन का नाम धर्मवीर आनंद दिघे रेलवे स्टेशन रखने की मांग की।
इसके अलावा ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत ठाणे रेलवे स्टेशन के बड़े स्तर पर उन्नयन (अपग्रेडेशन) के प्रस्ताव के लिए 949 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। यह प्रस्ताव मध्य रेलवे विभाग द्वारा प्रस्तुत किया गया है, लेकिन अभी रेलवे बोर्ड के पास लंबित है। इसे जल्द मंजूरी देने की मांग भी सांसद नरेश म्हस्के ने की।
इसके अलावा ठाणे स्टेशन पर मुलुंड की ओर जाने वाले प्लेटफॉर्म 1, 7 और 8 को जोड़ने के लिए फुट ओवर ब्रिज (FOB) और प्लेटफॉर्म 5, 6, 7, 8, 9 और 10 पर एस्केलेटर की तत्काल आवश्यकता है। इनका काम जल्द शुरू किया जाए। कळवा-ऐरोली एलिवेटेड लिंक का काम तेज किया जाए और ठाणे स्टेशन के प्लेटफॉर्म को सभी ट्रेनों के लिए 12 से 15 कोच तक बढ़ाया जाए। इन समेत कई अन्य मांगें सांसद नरेश म्हस्के ने संसद में उठाईं।
सांसद नरेश म्हस्के ने मांग की कि ठाणे स्टेशन पर गरीब यात्रियों के लिए ‘इमरजेंसी मेडिकल क्लिनिक’ फिर से शुरू किया जाए। कोरोना काल में बंद की गई वरिष्ठ नागरिकों की रियायतें तुरंत बहाल की जाएं। जुलाई में वेलंकणी स्पेशल ट्रेन चलाई जाए। मुंबई (दादर) और चिपलूण के बीच ‘नमो भारत’ या एसी ट्रेन शुरू की जाए और ठाणे से कसारा, कर्जत और खोपोली के बीच ‘शटल लोकल’ की संख्या बढ़ाई जाए। दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेनों को पनवेल, कल्याण, ठाणे या दादर में ‘कमर्शियल हॉल्ट’ दिया जाए।
