नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मुंबई और उसके आसपास के लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर में कार्रवाई करते हुए 349 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की है, जिसकी अवैध बाजार में कीमत करीब 1,745 करोड़ रुपये है। “व्हाइट स्ट्राइक” नाम के इस ऑपरेशन में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश हुआ। गृह मंत्रालय के अनुसार यह बड़ी कार्रवाई छह महीने से अधिक समय तक लगातार खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी के बाद की गई।
पुख्ता सूचना के आधार पर कई टीमों ने कलम्बोली- भिवंडी कॉरिडोर में संयुक्त छापेमारी की। इससे एक अत्यंत संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो गोदामों और छिपे हुए परिवहन तरीकों का इस्तेमाल कर रहा था।
प्रारंभिक कार्रवाई में NCB अधिकारियों ने KWC Warehousing Complex के पास एक वाहन को रोका। तलाशी के दौरान करीब 1-1 किलो के 136 पैकेट कोकीन बरामद हुए, जिन्हें क्रिकेट पैड और ग्लव्स के डिब्बों में छिपाया गया था। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ के बाद आरोपी ने भिवंडी में छिपाए गए एक और कंसाइनमेंट की जानकारी दी। इसके बाद NCB ने भिवंडी के रेहनाल गांव स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर 213 और पैकेट (प्रत्येक 1 किलो) कोकीन बरामद की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह ड्रग्स भारत में आयात की गई मशीनों के अंदर बने खानों (कैविटी) में छिपाकर लाई गई थी। हर पैकेट को अलग-अलग प्रकार की पॉलिथीन की नौ परतों में लपेटा गया था, जिनमें से एक परत में काला चिकना पदार्थ भी था।
भिवंडी के वेयरहाउस नेटवर्क की भूमिका से यह संकेत मिलता है कि इसमें मशीनों के जरिए कोकीन आयात करना, गोदामों में उसे छिपाकर रखना और फिर आगे सप्लाई करना—इस तरह की एक व्यवस्थित लॉजिस्टिक चेन काम कर रही थी।
मुख्य सरगना, हैंडलर्स, फाइनेंसर और ड्रग्स के संभावित खरीदारों को पकड़ने के लिए जांच जारी है। यह बरामदगी इसलिए भी खास है क्योंकि भारत में आमतौर पर साल भर में लगभग 200–300 किलो कोकीन ही जब्त होती है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने X पर कहा- हम नशीले पदार्थों के कार्टेल को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। NCB ने मुंबई में 349 किलो उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन (₹1,745 करोड़) जब्त कर एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह ‘बॉटम टू टॉप’ अप्रोच का बेहतरीन उदाहरण है, जिसमें छोटे कंसाइनमेंट से पूरी नेटवर्क तक पहुंच बनाई गई। NCB टीम को इस बड़ी सफलता के लिए बधाई।
