महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर में शुक्रवार को हड़कंप मच गया। कल्याण (पश्चिम), दुर्गाड़ी क़िला के पास स्थित एक नामांकित स्कूल की चार छात्राएं गायब हो गयीं। हालांकि पुलिस की तत्परता से चारों छात्राओं का पता चल गया। तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और रेलवे मार्गों पर की गई जांच के आधार पर महज कुछ घंटों के भीतर चारों छात्राएं राजस्थान के मारवाड़ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित मिल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद चारों छात्राएं घर नहीं लौटीं, जिसके बाद उनके परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने कल्याण पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। मामला नाबालिग छात्राओं के लापता होने का होने के कारण पुलिस ने इसकी गंभीरता को देखते हुए तुरंत चार विशेष टीमें गठित कीं।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी जानकारी के आधार पर छात्राओं की गतिविधियों का पता लगाते हुए रेलवे स्टेशनों और रेलवे मार्गों पर भी जांच का दायरा बढ़ाया गया। विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चारों छात्राएं राजस्थान के मारवाड़ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित हैं।
कल्याण के सहायक पुलिस आयुक्त अशोक होनमाने ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि चारों छात्राएं पूरी तरह सुरक्षित हैं। कल्याण पुलिस ने स्थानीय पुलिस के समन्वय से उन्हें अपने संरक्षण में ले लिया। उन्हें कल्याण वापस लाया गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छात्राओं ने घर क्यों छोड़ा, वे राजस्थान तक कैसे पहुंचीं और इस पूरे मामले में किसी अन्य व्यक्ति की कोई भूमिका है या नहीं।
इस घटना में चारों छात्राओं के सुरक्षित मिलने से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। वहीं, पुलिस की त्वरित और समन्वित कार्रवाई की नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
