मानखुर्द इमारत हादसे में दो गिरफ्तार

 

पूर्वी मुंबई के मानखुर्द स्थित जनता नगर इलाके में रविवार को तीन मंजिला मकान गिरने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में पांच मासूम बच्चे और एक महिला शामिल हैं। सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने उनके नाम जारी कर दिए हैं। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मानखुर्द पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 425/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।

यह हादसा 5 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे जनता नगर, न्यू मंडाला, मानखुर्द में हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन किए बिना एक अवैध चार मंजिला इमारत का निर्माण किया गया था। आरोप है कि इमारत कई दिनों से जर्जर और खतरनाक स्थिति में होने की जानकारी होने के बावजूद जानबूझकर उसकी अनदेखी की गई।

इसके अलावा, पास स्थित झोपड़ी में भी आवश्यक सुरक्षा उपाय नहीं किए गए थे। चार मंजिला इमारत गिरकर पड़ोस की झोपड़ी पर आ गिरी, जिससे छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इमारत के मालिक, निर्माण से जुड़े ठेकेदार, झोपड़ी के मालिक तथा अवैध निर्माण को बढ़ावा देने वाले संबंधित निजी और सरकारी व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रविवार रात हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, पुलिस और बीएमसी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। मलबे में लोगों के दबे होने की सूचना मिलने पर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया। मलबे से कुल सात लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से पांच को शताब्दी अस्पताल और दो को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। शताब्दी अस्पताल में भर्ती सभी पांच लोगों तथा राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, 24 वर्षीय रेहान अली का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान आलिया (7), मुस्कान (14), निहाल (6), नाबिया (2), मुनाफ (7) और सोनी (32) के रूप में हुई है।

Leave a Comment